कार्य बहिष्कार का ऐलान
फर्रुखाबाद। विकासखंड कमालगंज में बीबी-जीरामजी कर्मचारी महासंघ के बैनर तले कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। बुधवार को एपीओ गौरव सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने खंड विकास अधिकारी अनिल चंद्रा को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान ब्लॉक के तकनीकी सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर, लेखा सहायक सहित विभिन्न संवर्गों के कर्मचारी मौजूद रहे।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा कि पिछले 16 वर्षों से उनकी मानव संसाधन नीति का निर्धारण नहीं किया गया है। वहीं मानदेय निर्धारण में भी विसंगतियां बनी हुई हैं। कर्मचारियों का कहना है कि अक्टूबर 2026 में महंगाई दर 6.09 प्रतिशत और थोक महंगाई दर 12.29 तक पहुंच गई है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मिलने वाला मानदेय बेहद कम है। इससे परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।
कर्मचारियों ने सामाजिक सुरक्षा, चिकित्सकीय सुविधा और स्थानांतरण नीति निर्धारित किए जाने की मांग भी उठाई। उनका आरोप है कि विभाग की ओर से मानदेय वृद्धि के लिए भेजा गया प्रस्ताव विसंगतिपूर्ण है और स्वीकार करने योग्य नहीं है। इससे कर्मचारियों में असंतोष और निराशा बढ़ रही है।
ज्ञापन में कहा गया कि समान एवं सम्मानजनक मानदेय वृद्धि के साथ 16 वर्षों से लंबित मानव संसाधन नीति का निर्धारण किया जाए। कर्मचारियों ने मांगों पर शासन स्तर से निर्णय होने तक कार्य से विरत रहने की बात कही। साथ ही ग्राम रोजगार सेवकों के चल रहे आंदोलन और धरना कार्यक्रम को भी समर्थन देने का ऐलान किया।
इस दौरान कर्मचारियों ने शासन और विभागीय अधिकारियों से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। इस दौरान तकनीकी सहायक मुजाहिद शाहिद परविंदर गंगवार कंप्यूटर ऑपरेटर मुनेंद्र लेखा सहायक चंदेल आदि मौजूद रहे
