अलीगढ़ में थाना महुआ खेड़ा क्षेत्र के बोरना गांव में चौकीदार पर डंपर चालक ने मिट्टी से भरा लोडर खाली कर दिया था। मिट्टी के नीचे दबकर चौकीदार की मौत हो गई थी। बुधवार को परिजनों के हंगामे के बाद पुलिस ने भवन स्वामी, ठेकेदार और डंपर चालक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। मुख्य आरोपी डंपर चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

मूल रूप से डिबाई के तुर्सी नगला निवासी 55 वर्षीय वेद प्रकाश गांधी पार्क क्षेत्र के गंगा नगर, सिंधौली में किराए पर रहते थे। वह बोरना में कासगंज निवासी प्रदीप यादव के निर्माणाधीन मकान पर मजदूरी और रात में चौकीदारी का काम करते थे। सोमवार रात वह निर्माण स्थल पर ही चारपाई डालकर सोए थे।

मंगलवार सुबह करीब पांच बजे एक डंपर मिट्टी लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि चालक ने लापरवाही बरतते हुए बिना देखे मिट्टी सीधे चारपाई के ऊपर पलट दी। मिट्टी में दबने से वेद प्रकाश की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव को उठाने से इनकार करते हुए जमकर हंगामा किया। उनका आरोप था कि यह महज एक दुर्घटना नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है।

यह भी पढ़ें… Aligarh News: डंपर से मिट्टी में दबाकर बेरहमी से हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद

क्षेत्राधिकारी धनंजय सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर भवन स्वामी, ठेकेदार और चालक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने पिलौना (जवां) निवासी डंपर चालक अख्तर को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया है। शुरुआत में हिरासत में लिए गए तीन अन्य लोगों को निर्दोष पाए जाने पर छोड़ दिया गया है। मामले के बाकी नामजद आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *