मोहम्मद इरफ़ान | मेरठ26 दिन पहले
- कॉपी लिंक

मेरठ में जेल से छूटे एक बदमाश ने एक युवक पर गोली चला दी। 2019 में पांच लाख रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में समझौते का दबाव बनाने के लिए वारदात को अंजाम दिया। गोली चलने पर युवक ने पड़ोसी के घर में घुसकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद आरोपी अपने दो साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। आरोपी शादाब महज 12 दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया है। घटना की सूचना मिलते ही सीओ कोतवाली संग्राम सिंह और लिसाड़ी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर इलाके की घेराबंदी की और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। घटना लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के इत्तेफाक नगर स्थित गड्ढे वाली मस्जिद वाली गली की है।

गली में टहल रहे युवक पर हमला
इत्तेफाक नगर स्थित गड्ढे वाली मस्जिद का रहने वाला भूरा (25) सिराजुद्दीन सोमवार रात में करीब 12:00 बजे अपनी गली में टहल रहा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने भूरा को निशाना बनाकर गोली चला दी। अचानक हुई फायरिंग से भूरा जान बचाने के लिए दौड़ा और पड़ोसी के घर में घुस गया। इससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। वारदात के बाद तीनों हमलावर फरार हो गए।

2019 में पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप
भूरा ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2019 में जुबैर पुत्र जब्बर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी बड़ी बहन से पांच लाख रुपए की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी नहीं देने पर जुबैर ने उसके बड़े भाई नईम उर्फ कल्लन को जान से मारने की नीयत से गोली मार दी थी। इस घटना के कुछ दिन बाद जुबैर पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था।
पीड़ित के मुताबिक, इसी पुरानी रंजिश को लेकर जुबैर का बड़ा भाई शादाब उससे समझौता करने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि 12 दिन पहले जेल से छूटकर बाहर आए शादाब ने अपने दो साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर छोटी के घर के बाहर पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया। उस समय भूरा गली में टहल रहा था। हमलावरों ने उसे निशाना बनाकर फायरिंग की, लेकिन वह बच गया।

सीओ बोले-पुरानी रंजिश में हमला
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि, दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। इसी को लेकर फायरिंग किए जाने की जानकारी मिली है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

