साहिबाबाद (गाजियाबाद)। आवास विकास परिषद और सिंचाई विभाग द्वारा हिंडन पर नया पुल बनाया जाएगा। पुराने पुल से इसकी दूरी 210 मीटर की होगी। करीब 51 करोड़ की लागत से बनने वाले नए पुल का दूसरा डीपीआर लगभग तैयार हो चुका है। डीपीआर में कुछ तकनीकी कमियों को दूर करने के लिए आधिकारिक निरीक्षण किया जाएगा, इसके बाद जल्द काम शुरू होगा।
यह पुल तीन कॉलोनियों को एक साथ जोड़ेगा, इनमें सिद्धार्थ विहार, इंदिरापुरम और वसुंधरा है। आवास विकास परिषद के अधीक्षण अभियंता अजय कुमार मित्तल ने बताया कि पहले डीपीआर में पुराने पुल से 75 मीटर की दूरी पर पुल बनाया जाना तय हुआ था, जिसे बाद में सिंचाई विभाग ने तकनीकी रूप से गलत बताकर खारिज कर दिया था। चार लेन के इस पुल का नया डीपीआर अब तैयार हो चुका है, यह पुल मौजूदा हिंडन बैराज मार्ग के समानांतर करीब 210 मीटर की दूरी पर बनाया जाना प्रस्तावित है। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि पुल की लंबाई लगभग 200–210 मीटर और चौड़ाई करीब 20 मीटर होगी। अधिकारी ने बताया कि नया पुल वसुंधरा की ओर जहां उतर रहा है, उस तरफ ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान पर काम चल रहा है। ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार होते ही, नए डीपीआर के तहत टेंडर जारी कर काम शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद ने इस परियोजना के लिए लगभग 51 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। पुल का निर्माण यूपी स्टेट ब्रिज कॉरपोरेशन की ओर से किया जाएगा।
इनसेट
इस पुल से मुख्य रूप से इन क्षेत्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है
अभी सिद्धार्थ विहार और प्रताप विहार से इंदिरापुरम तथा वसुंधरा जाने वाले लोगों को कई बार जीटी रोड या दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के रास्ते लगभग 5 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। नया पुल बनने से यह दूरी और समय दोनों कम हो सकते हैं। साथ ही मौजूदा पुलों पर यातायात का दबाव भी घटेगा। पुल निर्माण से सिद्धार्थ विहार, प्रताप विहार, इंदिरापुरम, वसुंधरा और वैशाली के हजारों लोगों को इस पुल से राहत मिलेगी। पुल निर्माण के बाद एनएच-9 पर भी वाहनों का दबाव कम होगा।
