रायबरेली। जवाहर नवोदय विद्यालय में सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छह में प्रवेश की चयन परीक्षा शनिवार को आयोजित हुई, जिसमें 2938 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। आवेदन कराने वाले 1061 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिलेभर में बनाए गए 19 केंद्रों में दो घंटे की इस परीक्षा के दौरान कड़ा पहरा रहा। विद्यालय की टीम के साथ ही विभिन्न सचल दलों ने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों में पर्यवेक्षक भी तैनात रहे।
जवाहर नवोदय विद्यालय में नए शिक्षा सत्र 2027-28 में कक्षा छह की 80 सीटों पर प्रवेश होने हैं, जिसके लिए आवेदन मांगे गए थे। जिलेभर से 3999 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। बच्चों को ज्यादा दूरी तय कर परीक्षा केंद्र न जाना पड़े, इसके लिए विकास क्षेत्र स्तर पर परीक्षा केंद्र बनाए गए। जिले में बनाए गए परीक्षा केंद्रों की संख्या 19 रही। सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा हुई, जिसमें शामिल होने के लिए अभ्यर्थी अपने अभिभावकों के साथ सुबह 10 बजे ही पहुंचने लगे।
नवोदय विद्यालय की एक टीम ने प्राचार्य के नेतृत्व में महराजगंज और बछरावां क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा अन्य टीमों ने भी अलग-अलग केंद्रों में निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। प्राचार्य प्रदीप मिश्र ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों में कड़ी निगरानी में परीक्षा कराई गई। उपस्थिति दर्ज कराने वाले 2938 अभ्यर्थियों में बालकों की संख्या 1502 और बालिकाओें की संख्या 1436 रही। कक्षा छह में प्रवेश के लिए 3999 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
