यातायात माह के उद्घाटन पर सोमवार को पुलिस लाइन से निकाली गई रैली वाहनों से जा रहे लोगों के लिए मुसीबत बन गई। ट्रैफिक रोके जाने से पंचकुइयां से एमजी रोड तक भीषण जाम लगा। सैकड़ों की संख्या में राहगीर फंस गए। लोगों ने अन्य रास्तों से वाहन निकाले मगर वहां भी जाम से जूझे।

करीब एक घंटे तक वाहनों की लाइन लगी रही। बाद में स्कूलों की छुट्टी से लोहामंडी, सेंट जोंस चाैराहा, घटिया आजम खां, हरीपर्वत चाैराहे पर भी जाम से जूझना पड़ा। इस दौरान पुलिस के इंतजाम फेल नजर आए। सोमवार को पुलिस लाइन स्थित यातायात पुलिस क्लब से यातायात माह का उद्घाटन किया गया। तकरीबन 11:30 बजे वाहन रैली निकाली गई। वाहनों को पुलिस लाइन से पंचकुइयां लाया गया। रैली सुभाष पार्क तिराहे पर होते हुए एमजी रोड पर आई। नालबंद होते हुए वापस पंचकुइयां आ गई फिर पुलिस लाइन की ओर चली गई।

इस बीच ट्रैफिक को पुलिसकर्मियों ने रोक दिया। एमजी रोड, जीआईसी, शाहगंज बाजार, तहसील तिराहे से वाहन नहीं चलने दिए गए। इससे भीषण जाम लग गया। जीआईसी मैदान पर फंसे लोगों ने राजकीय इंटर काॅलेज, रुई की मंडी होते हुए वाहनों को निकाला। इससे यहां भी फंस गए। एमजी रोड पर भी लाइन लगी। इसी तरह कोठी मीना बाजार मार्ग पर भी एक घंटे तक वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे।

 सेंट जोंस पर थाना पुलिस भी सड़क पर उतरी

सेंट जोंस से लोहामंडी और घटिया जाने वाले मार्ग पर दोपहर 12 बजे जाम लगा। दोपहर एक बजे स्कूलों की छुट्टी के बाद वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया। हालात बिगड़ने पर यातायात पुलिस के साथ ही थाना हरीपर्वत और लोहामंडी की फोर्स को भी बुला लिया गया। पुलिस ने एक-एक कर वाहनों को निकालना शुरू किया। मगर दोपहर 2 बजे के बाद ही राहत मिल सकी। इसी तरह लोहामंडी, शाहगंज, बोदला, हरीपर्वत, भगवान टाॅकीज पर लोग परेशान रहे।

 पुलिस ने बाजारों में लगाए बैरियर

शहर के प्रमुख बाजार शाहगंज, लोहामंडी, सिंधी बाजार, किनारी बाजार, रावत पाड़ा, सुभाष बाजार में जाम ने लोगों के साथ ही व्यापारियों को भी परेशानी में डाल दिया है। इसको देखते हुए पुलिस ने चार और तीन पहिया वाहनों को रोकने के लिए बैरियर लगाए हैं। इसके बावजूद कई मार्ग पर वाहन फंसने लगे हैं। वाहनों की लंबी लाइन लग रही है।

डीसीपी ट्रैफिक ज्ञानेंद्र ने बताया कि यातायात माह के उद्घाटन पर रैली निकाली गई थी। पंचकुइयां पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ था। पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था को संभाला। 



Source link