वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर गिट्टी रहित ट्रैक (बैलास्ट लेस ट्रैक) का निर्माण कार्य 20 नवंबर से शुरू होगा। यह काम 29 दिसंबर तक चलेगा। 40 दिन चलने वाले काम के चलते झांसी मंडल से गुजरने वाली कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे ने चार ट्रेनों को निरस्त, 17 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित तथा चार ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त या प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा दो ट्रेनों को एक घंटे नियंत्रित किया जाएगा, जबकि एक ट्रेन को 30 मिनट बाद चलाया जाएगा।
पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गिट्टी रहित ट्रैक को लेकर प्लेटफार्म नंबर एक पर आने-जाने वाली गाड़ियां प्रभावित रहेंगी। इस दौरान चार ट्रेनें निरस्त रहेंगी। इसमें क्रांतिवीर सांगोली रायन्ना बेंगलुरु-लालकुआं (05073) 24 नवंबर से 29 दिसंबर, लालकुआं-बेंगलुरु (05074) 21 नवंबर से 26 दिसंबर, हैदराबाद-गोरखपुर (07075) 20 नवंबर से 25 दिसंबर और गोरखपुर-हैदराबाद (07076) 22 नवंबर से 27 दिसंबर तक निरस्त रहेंगी। इसके अलावा उद्योगनगरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12174), सीतापुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12108), अंत्योदय सुपरफास्ट एक्सप्रेस (22583), चारलापल्ली-गोरखपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12590), पुणे-लखनऊ एक्सप्रेस (11407), गोंडवाना एक्सप्रेस (12410), गोंडवाना एक्सप्रेस (12406) समेत 17 गाड़ियों को परिवर्तित मार्ग से निकाला जाएगा।
11123 ग्वालियर-बरौनी और 11124 बरौनी-ग्वालियर मेल भी प्रतिदिन परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी। गोंडवाना एक्सप्रेस की ट्रेनों को मथुरा-बयाना-सोगरिया-रुठियाई होकर बीना भेजा जाएगा। वहीं, तुलसी एक्सप्रेस को ललितपुर-खजुराहो-महोबा मार्ग से चलाया जाएगा।
चार ट्रेनें झांसी नहीं आएंगी
खजुराहो-उदयपुर सिटी (19665) और उदयपुर सिटी-खजुराहो एक्सप्रेस (19666) को दतिया पर ही शॉर्ट टर्मिनेट और प्रारंभ किया जाएगा। दोनों ट्रेनें 40-40 ट्रिप प्रभावित रहेंगी। इसी तरह ताज एक्सप्रेस (12279/12280) का संचालन ग्वालियर जंक्शन तक सीमित रहेगा। दोनों ट्रेनों को ग्वालियर में ही शॉर्ट टर्मिनेट और प्रारंभ किया जाएगा।
बांद्रा एक घंटे नियंत्रित और लखनऊ इंटरसिटी आधा घंटे देरी से चलेगी
पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बांद्रा टर्मिनस-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी (22196)और 02200 बांद्रा टर्मिनस-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी (02200) को निर्धारित अवधि में 60 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-लखनऊ जंक्शन इंटरसिटी एक्सप्रेस (11109) को 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक झांसी से 30 मिनट बाद पुनर्निर्धारित किया जाएगा।
नौ माह पहले हुआ था प्लेटफार्म नंबर तीन बैलास्ट रहित ट्रैक
पिछले साल 25 नवंबर से 8 जनवरी 2026 तक प्लेटफार्म नंबर तीन को बैलास्ट रहित ट्रैक किया गया था। इस दौरान 57 गाड़ियां प्रभावित हुई थीं। 18 गाड़ियों को निरस्त कर 29 गाड़ियों को रूट बदलकर निकाला गया था। जबकि चार गाड़ियाें के संचालन में आंशिक परिवर्तन के साथ दो गाड़ियों को रेगुलेट किया गया था।
