उत्तर प्रदेश शासन ने जालौन में तैनात जॉइंट मैजिस्ट्रेट (न्यायिक) रिंकू सिंह राही को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। शासन ने उन पर प्रशासनिक अनुशासन, सेवा आचरण और कार्यप्रणाली से जुड़ी गंभीर शिकायतों का संज्ञान लेते हुए 15 दिन में जवाब मांगा है।
बुधवार को आईएएस रिंकू सिंह राही ने खुद इस पत्र को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया। जालौन डीएम ने आईएएस रिंकू के आचरण को लेकर 5 अगस्त को पत्र लिखा था, जिसके आधार पर शासन ने रिंकू को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नियुक्ति विभाग की ओर से जारी नोटिस में आरोप लगाया गया है कि राही ने 27 जून 2026 को बिना अनुमति कलेक्ट्रेट से फर्नीचर आदि लेकर उरई तहसील परिसर पहुंचकर मीडिया को बुलाया और कक्ष आवंटन को लेकर धरना और हंगामा किया।
शासन ने यह भी कहा है कि राही द्वारा कई बार सोशल मीडिया पर शासन की योजनाओं, नीतियों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की सार्वजनिक आलोचना की गई, जिससे शासन के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश हुई। नोटिस में अधीनस्थ कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और स्थानीय संगठनों की शिकायतों का भी उल्लेख है, जिनमें उनके व्यवहार को अपमानजनक और असंगत बताया गया है।
