उत्तर प्रदेश में लगातार सक्रिय दूसरे पश्चिमी विक्षोभ के असर से ज्यादातर हिस्सों में बूंदाबांदी और तेज हवाओं का दौर जारी है।रविवार को कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बाराबंकी में सबसे ज्यादा 50 मिमी वर्षा हुई, जबकि सुल्तानपुर में 35.3 मिमी, गोंडा में 31.5 मिमी, अयोध्या और हरदोई में 22.2 मिमी तथा बरेली में 16 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। दिन में चली ठंडी हवाओं ने धूप की तीव्रता को कम कर दिया, जिससे लोगों को राहत महसूस हुई।

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार-पांच दिनों तक पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं हल्की बारिश होती रहेगी। सोमवार को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और ओलावृष्टि की भी संभावना है।

कई जिलों में पारा सामान्य से करीब 9 डिग्री सेल्सियस तक नीचे रहा। गोरखपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री, जो सामान्य से 8.9 डिग्री कम रहा, जबकि बलिया में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि बुंदेलखंड में गर्मी का असर बना हुआ है, जहां उरई में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। वहीं हरदोई में 16 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश, आंधी और वज्रपात की गतिविधियां जारी रहेंगी। चार से सात मई के बीच 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। फिलहाल एक सप्ताह तक लू चलने के आसार नहीं हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *