आईपीएल में टी-20 मुकाबलों की चकाचौंध के बाद शहर के अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में एकदिवसीय मुकाबले की धूम देखने को मिलेगी। बात हो रही है 17 जून को भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले की, जिसके लिए दोनों टीमें 15 जून को लखनऊ पहुंच जाएंगी। छह जून से दोनों देशों के बीच हो रही सीरीज के तहत एक टेस्ट और तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे।
इसमें दूसरा वनडे मुकाबला लखनऊ में के इकाना स्टेडियम में प्रस्तावित है। मुकाबले के लिए टिकट दरें जारी कर दी गई है। फिलहाल डिस्ट्रिक्ट एप पर ऑनलाइन टिकट बेचे जा हैं। इसकी दर 599 से शुरू होकर 25 हजार रुपये तक होगी। आगामी सात जून से ऑफलाइन टिकटों की बिक्री भी की जाएगी। प्रारंभिक तौर पर इकाना स्टेडियम में गेट नंबर दो पर काउंटर बनाने का फैसला किया गया है।
यूपीसीए के सीईओ अंकित चटर्जी ने बताया कि भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज के तहत 13 मई को धर्मशाला में पहले मैच के बाद 15 जून को दोनों टीमें लखनऊ पहुंचंेगी। इस दिन विश्राम के बाद 16 जून को दोनों ही टीमों का संयुक्त अभ्यास होगा और 17 जून को मुकाबला खेला जाएगा। मुकाबले के लिए इकाना स्टेडियम में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।