रेलवे क्रॉसिंग के पास देसी शराब ठेके के निकट पड़ा मिला शव, दो साथियों के साथ शराब पीने गया था युवक

कोंच। छोटी दीपावली की शाम रेलवे क्रॉसिंग के पास संचालित देसी शराब ठेके के नजदीक एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने युवक को काफी देर तक पड़ा देखा तो उसे हिलाकर उठाने का प्रयास किया। कोई हलचल न होने पर पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर कोतवाल निग्वेंद्र प्रताप सिंह, सुराही चौकी इंचार्ज अभिषेक सिंह और सागर चौकी इंचार्ज सुमित पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को तत्काल सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान भगत सिंह नगर राम तलैया निवासी गुड्डू वाल्मीकि उर्फ बाबू (38) पुत्र शिवचरन के रूप में हुई। बताया गया कि वह अपने दो साथियों के साथ ठेके पर शराब खरीदने गया था। इसके बाद तीनों ने ठेके के पास ही शराब पी। कुछ देर बाद उसके दोनों साथी वहां से चले गए, जबकि गुड्डू वहीं पड़ा रहा। काफी देर तक उसके न उठने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।



Source link