{“_id”:”6affd397760384a4fd02dc01″,”slug”:”agra-police-bust-vehicle-theft-gang-thieves-sold-parts-of-stolen-bikes-worth-rs-1-lakh-for-rs-20-000-2026-11-20″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”यूपी: एक लाख की बाइक चोरी, काटकर 20 हजार में बेच देते थे पुर्जे, आगरा में गिरोह के तीन गिरफ्तार”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

पुलिस गिरफ्त में चोर
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें काटने के बाद पुर्जे बेचने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का जगदीशपुरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सर्विलांस सेल और एसओजी नगर जोन की मदद से गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनकी निशानदेही पर चोरी की तीन बाइक, दो स्कूटी और बड़ी संख्या में वाहनों के कटे पुर्जे बरामद हुए हैं।
गिरोह के तीन अन्य सदस्य अभी भागे हुए हैं। आरोपी घर और रास्ते में खड़ी बाइक और स्कूटी चोरी करते थे। एक लाख से अधिक के वाहन को काटकर उसके पुर्जे 10 से 20 हजार में कबाड़ियों को बेच देते थे। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि अक्तूबर में आवास विकास से दो स्कूटी चोरी हुई थी। बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी की बाइक बेचने के लिए पथौली नहर मार्ग से बिचपुरी की ओर जाने वाले हैं।
घेराबंदी कर तीन आरोपियों अरमान उर्फ लकी निवासी सासनी गेट, वसीम निवासी कोतवाली और आमिर निवासी देहली गेट को पकड़ा गया। सभी अलीगढ़ के रहने वाले हैं। इनके पास चोरी की बुलेट बाइक बरामद हुई। आरोपियों की निशानदेही पर दो अन्य बाइक, दो स्कूटी और तीन प्लास्टिक के कट्टों में भरे वाहनों के कटे हुए पुर्जे बरामद किए गए। बरामद सामान की कीमत सात लाख रुपये है।
मास्टर चाबी से खोलते थे लॉक
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने तीन अन्य साथियों फैजान, समीर और शानू के साथ मिलकर बाइक और स्कूटी चोरी करते थे। गिरोह के सदस्य अलग-अलग चाबियों की मदद से वाहनों के लॉक खोलते या तोड़ते थे। एक सदस्य लॉक खोलने का काम करता था। बाकी आसपास निगरानी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को काटकर उनके पुर्जे बेच देते थे।
लकी पर दर्ज हैं 25 मामले
पुलिस के मुताबिक, लकी पर 25 मामले आगरा, अलीगढ़ और बुलंदशहर में दर्ज हैं। आमिर पर 5 और वसीम पर 1 मामला दर्ज है। आमिर और शानू कबाड़ी हैं, जो 5 से 20 हजार में बाइक और स्कूटी के पुर्जे खरीद लेते थे।

