बलिया के रसड़ा से बहुजन समाज पार्टी के विधायक उमाशंकर सिंह का बुधवार शाम दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। वह यूपी में बसपा के अकेले विधायक थे और बसपा सुप्रीमो मायावती के भरोसेमंद नेताओं में शुमार किए जाते थे।

उमाशंकर सिंह बीमारी के बावजूद राजनीति में खासा सक्रिय थे। दो दिन पहले उन्होंने अस्पताल से फोन कर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को सपा विधायक आलम बदी के निधन पर अपनी और पार्टी की तरफ से शोक संवेदना व्यक्त की थी। विधानसभा अध्यक्ष ने उनके निधन पर शोक जताया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि उमाशंकर सिंह का निधन प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और अपने क्षेत्र के विकास तथा जनता के हितों के लिए सदैव समर्पित भाव से कार्य किया। उनकी सादगी, सहजता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता उन्हें सदैव स्मरणीय बनाए रखेगी। यह विधानसभा परिवार के लिए भी अत्यंत दुःखद है।

मुझे बहन की तरह आदर और स्नेह मिलाः मायावती 

लोकप्रिय विधायक उमाशंकर सिंह का निधन दुखद है। उनके परिवार तथा उनके सभी चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदना। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा की जितनी भी तारीफ की जाए, वह कम है। उनका पूरा परिवार बसपा परिवार की तरह है तथा उनके परिवार के सभी लोग मुझे बड़ी बहन की तरह ही पूरा आदर-सम्मान देते हैं। उनके पुत्र से लगातार सम्पर्क बने रहने के दौरान ही आज शाम उनके देहान्त की ख़बर मिली। इस दुख की घड़ी में मैं व पूरी पार्टी उनके व उनके परिवार के साथ है। उन्हें किसी भी प्रकार से हिम्मत नहीं हारना है बल्कि इस परिस्थिति का सामना करते हुये आगे बढ़ना है।

उमाशंकर सिंह के निधन का गहरा दुखः सीएम 

विधायक उमाशंकर सिंह का निधन दु:खद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *