गोमतीनगर इलाके में बृहस्पतिवार दोपहर में 30 मिनट के भीतर तीन बड़ी घटनाएं हुईं। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ऑडिट विभाग में कार्यरत मानस बाजपेयी ने आईसीआईसीआई बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर पत्नी दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी वहां से हुसड़िया चौराहा स्थित अपने घर पहुंचा। इसके बाद मानस ने घर के भीतर कमरे में मौजूद बहन तुलिका की हत्या की और फिर खुद जान दे दी।
पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के मुताबिक पति पत्नी में विवाद चल रहा था। मानस ने अचानक ऐसा कदम क्यों उठाया, इसके बारे में पता लगाया जा रहा है। परिजनों से पूछताछ की गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हुसड़िया चौराहा निवासी मानस ने दिव्या से वर्ष 2017 में प्रेम विवाह किया था। शुरू में दोनों हुसड़िया स्थित आवास में साथ रहते थे। मानस के माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है। परिवार में छोटी बहन तुलिका थीं, जो मानसिक रूप से कमजोर थीं। तुलिका का इलाज भी चल रहा था। मानस ही उसकी देखरेख करता था।
डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को मानस मिठाई वाला चौराहा के पास स्थित आईसीआईसीआई बैंक के बाहर ऑटो से पहुंचा था। दिव्या उसी बैंक में काम करती थी। मानस ने पहले बैंक के भीतर जाने का प्रयास किया, जिसे गार्ड ने रोक दिया। इसके बाद उसने दिव्या को फोन कर बाहर आने के लिए कहा। दिव्या बैंक के बाहर पहुंचीं, जहां दोनों में विवाद हो गया। गुस्से में मानस ने पिस्टल के बट से दिव्या के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। दिव्या की हत्या के बाद मानस ई रिक्शा से सीधे हुसड़िया चौराहा स्थित आवास पर पहुंचा। आरोपी ने कमरे को भीतर से बंद कर लिया। फिर तुलिका की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
