{“_id”:”6b01857e57a700b30e08ec6c”,”slug”:”prayagraj-haridwar-direct-upsrtc-bus-service-magh-mela-2026-11-21″,”type”:”feature-story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”यूपी: पहली बार दो कुंभ नगरी को जोड़ेगी यूपी रोडवेज की बस, प्रयागराज से हरिद्वार तक सीधी सेवा”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

यूपी रोडवेज।
– फोटो : अमर उजाला ग्राफिक।
विस्तार
तीर्थराज प्रयाग और धर्मनगरी हरिद्वार के बीच श्रद्धालुओं का सफर अब और आसान होने जा रहा है। पहली बार उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसें इन दोनों प्रमुख कुंभ नगरियों को आपस में जोड़ेंगी। माघ मेला के दौरान प्रयागराज से हरिद्वार के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है। खास बात यह है कि इसी अवधि में हरिद्वार में कुंभ मेला भी शुरू हो रहा है, ऐसे में दोनों धार्मिक आयोजनों में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक, प्रयागराज-हरिद्वार मार्ग पर सामान्य एवं एसी बसों का संचालन किया जाएगा। पहले चरण में चार बसें चलाने की तैयारी है। इस सेवा को गंगा एक्सप्रेस वे के रास्ते संचालित करने की योजना बनाई जा रही है। इससे पहले महाकुंभ 2025 के दौरान उत्तराखंड रोडवेज ने हरिद्वार से प्रयागराज के लिए बस सेवा संचालित की थी, लेकिन इस बार यूपी रोडवेज का प्रयागराज रीजन खुद हरिद्वार के लिए सीधी बस चलाने की तैयारी में जुटा है।
मौजूदा समय में प्रयागराज से हरिद्वार जाने के लिए यात्रियों के पास ट्रेनों के विकल्प सीमित हैं। सूबेदारगंज-देहरादून एक्सप्रेस ही एकमात्र ऐसी ट्रेन है जो प्रतिदिन हरिद्वार जाती है। इसके अलावा सप्ताह में तीन दिन चलने वाली ट्रेन प्रयागराज संगम का ठहराव हरिद्वार में है।
यूपी रोडवेज परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कुंभ के दौरान हरिद्वार के लिए बस चलाए जाने की तैयारी है। बस संचालन से दोनों ही धार्मिक नगरी के बीच श्रद्धालुओं का सुगम आवागमन हो सकेगा। शासन से इस संबंध में जो निर्देश मिलेगा उसी के हिसाब से कार्रवाई होगी।
