प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत 434 विशेष शिक्षक अब नियमित किए जाएंगे। ये शिक्षक अभी तक अनुबंध और संविदा पर दिव्यांग बच्चों को पढ़ा रहे थे। शासन ने उनकी नियुक्ति को हरी झंडी दे दी है और बेसिक शिक्षा निदेशक को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद लिया गया है।
रजनीश कुमार पांडेय की याचिका पर कोर्ट ने दिव्यांग बच्चों के लिए नियमित विशेष शिक्षकों की नियुक्ति का आदेश दिया था। इसके बाद स्क्रीनिंग कमेटी बनाकर 540 शिक्षकों की चयन प्रक्रिया की गई। सक्षम समिति की संस्तुति पर 434 शिक्षकों को नियमित नियुक्ति देने का निर्णय लिया गया। अब इन्हें सहायक अध्यापक विशेष शिक्षा के पद पर तैनाती और नियमित वेतन भी मिलेगा।
बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बेसिक शिक्षा निदेशक को निर्देश दिया है कि इस मामले में आवश्यक कार्यवाही करते हुए शासन को अवगत कराएं।