उत्तर प्रदेश में बुधवार को लगातार दूसरे दिन मानसून मेहरबान रहा। बुंदेलखंड, तराई और पूर्वांचल समेत कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। सबसे अधिक 150 मिमी वर्षा हमीरपुर में दर्ज की गई। बांदा में 113.2 मिमी और संभल में 112 मिमी बारिश हुई। फिरोजाबाद, लखीमपुर खीरी और सुल्तानपुर समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश से मौसम सुहावना हो गया। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ की ओर से बृहस्पतिवार के लिए प्रदेश के पांच जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं बुंदेलखंड समेत पश्चिमी यूपी के 20 अन्य जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है।
वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल मानसून सक्रिय बना हुआ है, लेकिन 7 अगस्त के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के संकेत हैं। शुक्रवार के लिए प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश की चेतवानी नहीं है। हालांकि इस बीच प्रदेश के विभिन्न इलाकों में छिटपुट बारिश जारी रहने वाली है।