उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को सुबह आंधी और बारिश का दाैर देखने को मिला। आजमगढ़ और बाराबंकी जिले में 77 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली जोरदार आंधी चली। वहीं कानपुर, अयोध्या, उन्नाव समेत प्रदेश के दोनों संभागों के लगभग 25 जिलों में बारिश हुई। कानपुर में सर्वाधिक 67.6 मिमी, ललितपुर में 48 मिमी और सीतापुर में 44.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
फर्रुखाबाद, मथुरा, आगरा के अलावा पूर्वांचल के कई जिलों में बूंदाबांदी देखने को मिली। माैसम विभाग का कहना है कि रविवार से प्रदेश में आंधी बारिश के सिमटने के आसार हैं। रविवार के लिए प्रदेश में कहीं भी आंधी या तेज बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार अभी हवा में जो ठंडक है वह एक या दो दिन में पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। एक बार फिर से प्रदेश में गर्म हवाओं का दौर शुरू हो सकता है।
क्षेत्रीय माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार से अगले पांच दिनों में प्रदेश भर में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री की बढ़त आएगी। साथ ही तपिश भरे दिनों की फिर से वापसी होगी। बताया कि यूपी में मानसून के प्रवेश के लिए फिलहाल एक हफ्ते तक अनुकूल परिस्थितियां नहीं हैं। शनिवार को 41 डिग्री सेल्सियस के साथ उरई प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा। बांदा में 40.6 डिग्री और झांसी में 40 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।