मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को प्रतिकूल मौसम (बाढ़, अतिवृष्टि) से फसलों का नुकसान उठाने वाले प्रदेशभर के किसानों को कृषि निवेश अनुदान के रूप में 483 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करेंगे। राज्य के 9 लाख 18 हजार 91 किसानों को डीबीटी के माध्यम से मिलने वाले कृषि निवेश अनुदान को जारी करने का कार्यक्रम गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

सबसे अधिक नुकसान सितंबर के अंतिम सप्ताह में आए अर्नव चक्रवात से हुआ था। राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार बाढ़, अतिवृष्टि, चक्रवात और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। जारी वित्तीय वर्ष की पहली तारीख से लेकर 9 अक्तूबर तक 9 लाख 18 हजार 91 ऐसे किसान चिह्नित किए गए हैं, जिनकी फसलें क्षतिग्रस्त हुई हैं। बाढ़ समाप्त होने के तत्काल बाद पूरी तत्परता से योगी सरकार की तरफ से 493 करोड़ रुपये फसल क्षति के कृषि निवेश अनुदान के रूप में जारी किया जा रहा है।

राहत आयुक्त कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश में बाढ़, चक्रवात, ओलावृष्टि के कारण होने वाली फसल क्षति के सापेक्ष 169 करोड़ रुपये कृषि निवेश अनुदान के लिए अग्रिम रूप से जिलों को जारी किया जा चुका है। 1 लाख 29 हजार 326 किसानों को फसल नुकसान के सापेक्ष 78.75 करोड़ रुपये का कृषि निवेश अनुदान दिया जा चुका है। विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं में जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति के प्रकरणों में प्रभावित परिवारों को 225.93 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की गई है।

सोमवार से किसानों को छह फीसदी पर मिलेगा लोन

 मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत प्रदेश के लघु और सीमांत किसान सोमवार से छह प्रतिशत ब्याज दर पर लोन मिलेगा। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक (एलडीबी) मुख्यालय से इसकी शुरुआत होगी। इसी दिन कृषि ऋण पर सरकार की ओर से दिए जाने वाले अनुदान के लिए बैंक को 38 करोड़ रुपये देने का आदेश भी जारी किया जाएगा। किसान एलडीबी की 323 शाखाओं के माध्यम से योजना का लाभ ले सकेंगे। योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 23 सितंबर को किया था। योजना के तहत एलडीबी के माध्यम से किसानों को 11 प्रतिशत ब्याज दर पर मिलने वाला कृषि ऋण अब महज छह प्रतिशत ब्याज दर पर किसानों को दिया जाएगा।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें