उत्तर प्रदेश में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर में विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत 21 और 22 नवंबर (शनिवार और रविवार) को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सुबह 10 बजे से अपराह्न चार बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे।

विशेष अभियान के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, खासकर युवाओं और महिलाओं को पंजीकरण कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। नागरिक अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांच सकेंगे।

नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए अलग-अलग फॉर्म

मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 उपलब्ध रहेगा। वहीं, मतदाता सूची से नाम हटवाने या किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 भरना होगा। इसके अलावा नाम, पता और अन्य विवरण में संशोधन या आवश्यक बदलाव के लिए फॉर्म-8 की व्यवस्था की गई है। ये सभी फॉर्म संबंधित बूथ पर उपलब्ध रहेंगे।

हर बूथ पर सक्रिय रहेगी हेल्प डेस्क

मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क सक्रिय रहेगी। यहां नागरिकों को आवेदन भरने और मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। मतदाता संबंधी जानकारी, सहायता और शिकायतों के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 भी सक्रिय रहेगा।

अधिकारी करेंगे बूथों का निरीक्षण

विशेष अभियान दिवस के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारी भी विभिन्न जनपदों में पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इस दौरान बीएलओ की ओर से किए जा रहे कार्यों और अभियान की गुणवत्ता का आकलन किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे 21 और 22 नवंबर को अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकता है। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज किसी विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन कर सकता है।



Source link