मुहम्मदाबाद। डकोर क्षेत्र में रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। खनन में लगे ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तेज रफ्तार से गांवों और सड़कों से गुजरते हैं। इससे हादसों का खतरा बना रहता है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शुक्रवार रात एसडीएम सदर उत्तम तिवारी और कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर पकड़ लिए, जबकि अन्य ट्रैक्टर और खनन में लगी मशीनें लेकर चालक मौके से भाग निकले।
पकड़े गए ट्रैक्टरों को थाने लाया गया। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि रात के अंधेरे में लंबे समय से मिट्टी का अवैध खनन चल रहा है। ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मिट्टी लेकर तेज रफ्तार से निकलती हैं। जल्दी लौटने के चक्कर में चालक गांवों के रास्तों पर भी गति कम नहीं करते। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने तीन ट्रैक्टर पकड़ने की कार्रवाई को खानापूर्ति बताते हुए सवाल उठाया कि अवैध खनन में लगी मशीनों और अन्य वाहनों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। (संवाद)

