दिवाली के अगले दिन होने वाली गोवर्धन पूजा इस बार 10 नवंबर को की जाएगी। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण के साथ गोवर्धन पर्वत और गौ माता की पूजा करने की परंपरा है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठाकर गोकुलवासियों को देवराज इंद्र के प्रकोप से बचाया था। इसी उपलक्ष्य में हर साल अन्नकूट महोत्सव मनाया जाता है और भगवान को 56 भोग अर्पित किए जाते हैं। आइए जानते हैं गोवर्धन पूजा की सही तारीख, शुभ मुहूर्त, पूजा विधि, अन्नकूट का महत्व और इससे जुड़ी पौराणिक कथा।

गोवर्धन पूजा का पर्व प्रकृति और मानवता के बीच संबंध को बताता है। ये त्योहार दिवाली के अगले दिन यानी कार्तिक माह की शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा को मनाया जाता है। गोवर्धन पूजा को अन्नकूट भी कहा जाता है।इस दिन गोवर्धन की पूजा की जाती है। गोवर्धन पूजा का अलग अलग स्थानों पर अलग महत्व और कथाएं प्रचलित हैं। यहां उत्तर भारत में खासकर मथुरा वृंदावन में ये दिन श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़ा है तो वहीं पश्चिमी भारत के राज्य गुजरात में ये गुजराती नववर्ष की शुरुआत का दिन माना जाता है। आइए जानते हैं इस बार गोवर्धन पूजा कब है और गोवर्धन पूजा क्यों की जाती है। गोवर्धन पूजा को अन्नकूट क्यों कहते हैं, साथ ही गोवर्धन पूजा के दिन किस भगवान की पूजा का विधान है। 

 





Govardhan Puja 2026: Know the Date, Auspicious Timings, Puja Vidhi and the Story of Lord Krishna

गोवर्धन पूजा 9 या 10 नवंबर को?
– फोटो : AI


कब है गोवर्धन पूजा 

गोवर्धन पूजा का पर्व हिंदू तिथि के अनुसार,  कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाया जाता है। आमतौर पर ये तिथि दिवाली के अगले दिन पड़ती है, जिसे स्थानीय भाषा में परेवा भी कहते हैं। हालांकि इस बार तिथि में बदलाव है। दिवाली के बाद गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव 10 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि पर होने वाले इस त्योहार में गोवर्धन पर्वत की पूजा के साथ गौ माता की सेवा और अन्नकूट का भोग लगाने की परंपरा है। ज्योतिषाचार्य डॉ. अरविंद मिश्रा ने बताया कि प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर को दोपहर 12:32 बजे शुरू होकर 10 नवंबर को दोपहर 2:01 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार गोवर्धन पूजा 10 नवंबर को होगी। प्रातः काल पूजा का शुभ मुहूर्त 7:10 से 11:30 बजे तक रहेगा। अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:45 से दोपहर 12:30 बजे तक और गोधूलि बेला शाम 6:30 से लेकर 9:30 बजे तक रहेगी।

 


Govardhan Puja 2026: Know the Date, Auspicious Timings, Puja Vidhi and the Story of Lord Krishna

गोवर्धन पूजा
– फोटो : अमर उजाला


क्यों होती है गोवर्धन पूजा

प्राचीन प्रचलित मान्यताओं के अनुसार, एक बार देवराज इंद्र ने अहंकार में आकर गोकुल में अत्यधिक वर्षा की। मूसलाधार बारिश से गोकुल वासी परेशान हो गए। तब भगवान विष्णु के अवतार श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपने हाथ की छोटी उंगली पर उठा लिया और सभी गोकुल वासी बारिश से बचने के लिए पर्वत के नीचे खड़े हो गए। गोवर्धन पर्वत जो वर्षों से प्राकृतिक आपदाओं को झेलते हुए गोकुल वासियों की रक्षा कर रहा था,  उसने एक बार फिर वर्षा से लोगों को बचाया। इसके अलावा गोवर्धन की हरी भरी घास गाय और बकरियों के लिए भी उपयोगी होती थी। इस तरह श्रीकृष्ण ने बाल लीलाओं के जरिए प्रकृति का हमारे जीवन के लिए महत्व को समझाया। 

 


Govardhan Puja 2026: Know the Date, Auspicious Timings, Puja Vidhi and the Story of Lord Krishna

अन्नकूट 
– फोटो : अमर उजाला


गोवर्धन पूजा को क्यों कहते हैं अन्नकूट 

मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने जिस दिन गोवर्धन पर्वत उठाकर गोकुल वासियों की रक्षा की थी, उसे गोवर्धन पर्वत की पूजा के लिए समर्पित कर दिया गया। रक्षा के लिए आभार जताने के लिए हर साल गोकुल वासी गोवर्धन पर्वत को छप्पन भोग लगाकर विधि विधान से पूजा करने लगे। तब से गोवर्धन पूजा के लिए अन्नकूट का भोग अर्पित किया जाता है। अन्नकूट को “भोजन का पहाड़” कह सकते हैं। इसमें कई सारी सब्जियों को मिलाकर मिक्स सब्जी, कढ़ी चावल, पूड़ी, रोटी, खिचड़ी, बाजरे का हलवा आदि बनाकर अर्पित किया जाता है।

 


Govardhan Puja 2026: Know the Date, Auspicious Timings, Puja Vidhi and the Story of Lord Krishna

गोवर्धन पूजा
– फोटो : अमर उजाला


गोवर्धन पूजा का महत्व

हिंदू धर्म में गोवर्धन पूजा का विशेष महत्व है। इस दिन प्राकृतिक संसाधनों की पूजा की जाती है। जैसे की पहाड़, गाय और गोबर के साथ ही भगवान श्री कृष्ण की पूजा होती है। माना जाता है कि ऐसा करने से हमारी आने वाली पीढ़ी प्राकृतिक संसाधनों के महत्व को समझेगी और प्रकृति से जुड़ा हुआ महसूस करेगी। इस दिन गोवर्धन पर्वत की पूजा और परिक्रमा का भी बहुत महत्व है।

 




Source link