आकाश आनंद को कब-कब जिम्मेदारी दी और कब हटाया?
10 दिसंबर 2023: उत्तराधिकारी घोषित
मायावती ने यूपी और उत्तराखंड के नेताओं की बैठक में अपने छोटे भाई आनंद कुमार के बेटे आकाश आनंद को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया। साथ ही उन्हें नेशनल कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी भी दी गई।
7 मई 2024: सभी पदों से हटाया
लोकसभा चुनाव के दौरान आकाश के बयानों को लेकर मायावती ने उनसे उत्तराधिकारी और नेशनल कोऑर्डिनेटर समेत सभी जिम्मेदारियां वापस ले लीं। मायावती ने उन्हें अभी अपरिपक्व बताया था।
23 जून 2024: 47 दिन बाद वापसी
मायावती ने करीब 47 दिन बाद अपना फैसला बदलते हुए आकाश को दोबारा उत्तराधिकारी बनाया और नेशनल कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंप दी।
2-3 मार्च 2025: फिर हटाया और पार्टी से बाहर किया
2 मार्च 2025 को मायावती ने आकाश से सभी जिम्मेदारियां वापस ले लीं। अगले ही दिन 3 मार्च को उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया। मायावती ने आरोप लगाया कि पश्चाताप कर परिपक्वता दिखाने के बजाय आकाश अपने ससुर के प्रभाव में स्वार्थी और अहंकारी हो गए।
13 अप्रैल 2025: माफी के बाद वापसी का रास्ता खुला
मायावती ने 13 अप्रैल को आकाश को माफ कर दिया, लेकिन स्पष्ट किया कि उन्हें दोबारा उत्तराधिकारी नहीं बनाया जाएगा।
18 मई 2025: चीफ नेशनल को-ऑर्डिनेटर बने
करीब एक महीने बाद मायावती ने आकाश को फिर बड़ी जिम्मेदारी देते हुए चीफ नेशनल को-ऑर्डिनेटर बनाया। उन्होंने इसे आकाश को दिया गया दूसरा मौका बताया।
29 अगस्त 2025: राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी
मायावती ने पार्टी में राष्ट्रीय संयोजक का नया पद बनाया और आकाश आनंद को इसकी जिम्मेदारी सौंप दी। इस तरह करीब दो साल के भीतर आकाश को बसपा में कई बार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलीं, वापस ली गईं और फिर उन्हें नई भूमिका के साथ संगठन में स्थापित किया गया।
