लोहियानगर थाना क्षेत्र के फतेहल्लापुर में सोमवार को पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, पति ने पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने के शक में वारदात को अंजाम दिया। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
चांद मोहम्मद पुत्र जमील अहमद मूलरूप से चमड़ा पैठ गली नंबर-23 जाकिर कॉलोनी का रहने वाला है और वर्तमान में फतेहल्लापुर में रह रहा था। उसकी शादी वर्ष 2020 में टाइल फैक्ट्री के पास फतेहल्लापुर निवासी नवाबुद्दीन की बेटी शाइस्ता से हुई थी। सोमवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि चांद मोहम्मद ने शाइस्ता का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर लोहियानगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य सुरक्षित कराए। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह का कहना है कि घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त होने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।