लखनऊ. फेसबुक पर कथित एआई (AI) से तैयार ऑडियो क्लिप विवाद में हरदोई पुलिस को हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच फटकार लगाई है. अदालत ने युवक के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर अगले आदेश तक रोक लगाते हुए यूपी सरकार के अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर सवाल किया. पीठ ने सख्त लहजे में कहा कि मानहानि के प्रकरणों में कानून की स्थापित व्यवस्था को दरकिनार कर अफसर बार-बार जल्दबाजी में मुकदमे लिख रहे हैं.
AI ऑडियो मामले में केस दर्ज करने पर हरदोई पुलिस को हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच फटकार लगाई. फाइल फोटो
आपराधिक मानहानि पर सुप्रीम कोर्ट के 2016 के फैसले की अनदेखी से न्यायालय बेहद नाराज दिखा. बेंच ने अपर मुख्य सचिव गृह को व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है. कोर्ट ने दो टूक पूछा कि शीर्ष न्यायपालिका द्वारा नियम स्पष्ट किए जाने के बावजूद बीएनएस-2023 की धारा 356 के तहत सीधे एफआईआर क्यों की जा रही है? साथ ही यह भी बताने को कहा गया कि उस आदेश की अवहेलना करने वाले कर्मियों पर क्या कार्रवाई प्रस्तावित है. चेतावनी दी गई कि तय वक्त पर जवाब न आने पर उन्हें संबंधित अभिलेखों संग खुद हाजिर होना पड़ेगा.
क्या है हरदोई कोतवाली का पूरा मामला?
यह आदेश मोहम्मद रियाज उर्फ रियाज गाजी की याचिका पर सुनाया गया. याची ने हरदोई के कोतवाली थाने में 29 अक्टूबर 2026 को बीएनएस 356 व आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत लिखे गए केस को चुनौती दी थी. आरोप था कि रियाज ने दिलशाद खान द्वारा फेसबुक पर अपलोड की गई पोस्ट शेयर की, जिसमें कथित एडिटेड एआई ऑडियो था. एक राजनीतिक दल के मंडल अध्यक्ष ने शिकायत की थी कि इससे उनकी व पार्टी की छवि खराब हुई. सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने इसे दुर्भावनापूर्ण तथा कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग बताया, जबकि राज्य सरकार ने छेड़छाड़ वाली सामग्री बांटने को अपराध करार दिया.
सिर्फ पोस्ट शेयर करने से नहीं बनता 66डी का जुर्म
हाईकोर्ट ने प्रथम दृष्टया सरकारी दलील को नामंजूर कर दिया. पीठ ने साफ किया कि आईटी एक्ट का सेक्शन 66डी कंप्यूटर संसाधन के जरिए प्रतिरूपण कर धोखाधड़ी से जुड़ा है, लेकिन पुलिस रिपोर्ट से ऐसा कोई कृत्य साबित नहीं होता. वहीं, मानहानि के बिंदु पर 2016 के निर्णय व धारा 222 का हवाला देते हुए कहा गया कि ऐसे मामलों में सीधे एफआईआर नहीं, बल्कि पीड़ित की तरफ से परिवाद (कंप्लेंट) दाखिल होना चाहिए. इसके बिना अदालत संज्ञान नहीं ले सकती. मामले में अगली सुनवाई 15 दिसंबर 2026 को होगी.
विज्ञापन
