उत्तर प्रदेश में अगस्त यानी सावन में अच्छी बरसात के बाद अब भादो की शुरुआत भी ठीक-ठाक बारिश के साथ होने वाली है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र मजबूत हो गया है। माैसम विभाग के मुताबिक रविवार को विंध्य क्षेत्र के सोनभद्र, चंदौली, मिर्जापुर आदि जिलों के साथ ही पूर्वी- तराई के कुछ इलाकों में कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश हो सकती है।
इसके साथ ही इस दौरान प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। हालांकि इस दाैरान पश्चिमी यूपी में बारिश के कमजोर पड़ने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी में एक सितंबर तक भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं दिया है।
शनिवार को लखीमपुर खीरी में सर्वाधिक 72.4 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं चित्रकूट में 65 मिमी, प्रयागराज में 61.2 मिमी, बरेली में 58.6 मिमी और कानपुर में 50 मिमी बारिश हुई।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले 48 घंटों में कम दबाव क्षेत्र के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके चलते आसपास के इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।
इसका सबसे ज्यादा असर यूपी के विंध्य क्षेत्र और पूर्वी तराई के जिलों में देखने को मिल सकता है। मध्य यूपी के कुछ जिलों में भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
