उरई। आटा थाने में तैनात महिला सिपाही से फोन पर अभद्रता और गालीगलौज के आरोप में पुलिस अधीक्षक विनय सिंह ने थाने के दीवान अभिषेक दीक्षित को निलंबित कर दिया है। सीओ राजेश कमल की जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद एसपी ने यह कार्रवाई की।

महिला सिपाही थाने के कंप्यूटर विभाग में ऑपरेटर के पद पर तैनात है। उसने सोमवार को एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया था कि 18 सितंबर की शाम करीब पांच बजे दीवान अभिषेक दीक्षित ने फोन कर गालियां दीं और उसे थाने बुलाया। थाने पहुंचने पर मौजूद स्टाफ ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

महिला सिपाही ने एसपी से मामले में कार्रवाई की मांग की थी। सीओ राजेश कमल ने शिकायत की जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। जांच आख्या के आधार पर एसपी ने दीवान को निलंबित कर दिया।

वहीं दीवान अभिषेक दीक्षित ने बताया कि उन्होंने महिला सिपाही से किसी तरह की अभद्रता नहीं की। उनके खिलाफ गलत आरोप लगाए गए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *