teenage girl was found in critical condition in field In Firozabad

crime demo
– फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

फिरोजाबाद के थाना खैरगढ़ क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात शौच के लिए घर से निकली एक किशोरी रविवार सुबह खेत में मरणासन्न हालत में मिली। किशोरी के गले व चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं और उसके कपड़े अस्तव्यस्त थे, जिससे दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। 


पुलिस को परिजन ने बताया कि किशोरी शनिवार की रात करीब आठ बजे घर से शौच के लिए निकली थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन रातभर उसका कोई सुराग नहीं लग सका। रविवार की सुबह करीब नौ बजे जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए, तो उन्होंने किशोरी को खेत में बदहवास हालत में पड़ा देखा था। इधर, सूचना मिलते ही थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए।

गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर में भर्ती, पुलिस बोली- पूछताछ से खुलेगा सच

किशोरी की गर्दन और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान हैं। परिजन ने दुष्कर्म और जान से मारने की नीयत से हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि अभी वह यह स्पष्ट नहीं कर सके हैं कि इस घटना को किसने अंजाम दिया है। सदमे और गंभीर चोटों के कारण किशोरी अभी कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। पुलिस ने उसे तुरंत सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

इस संबंध में एसपी देहात अनुज चौधरी ने बताया कि किशोरी अभी बेहोशी व अस्वस्थ हालत में है। उसकी हालत में सुधार होने के बाद पुलिस द्वारा उसके बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link