संवाद सूत्र, रायबरेली। जमुनापुर चौराहा से कोटिया चित्रा गांव तक भारी वाहनों के आवागमन से सड़क टूट कर गड्ढों में तब्दील हो गई है। हर दो सौ मीटर की दूरी पर गड्ढे बने हैं। जर्जर मार्ग से आसपास गांवों की 80 हजार आबादी समेत राहगीरों काे आवागमन में परेशानी हो रही है। लोगों को हर समय हादसे का डर बना रहता है। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा तट तक श्रद्धालु भी इसी मार्ग से पहुंचेंगे।

खरौली, सराय भान, शहजादपुर, गोकना, कोटिया चित्रा, ईश्वरदासपुर, किसुनदासपुर, कमोली, भीलमपुर, सराय हरदो, रामचंदरपुर, सरबहदा चंड़रई समेत 20 से अधिक ग्राम पंचायतों के 80 से अधिक गांवों की करीब 80 हजार आबादी को विकास से जोड़ने के लिए पीडब्ल्यूडी से सूची खरौली मार्ग का निर्माण कराया गया है। ग्रामीणों के साथ गंगा स्नान को श्रद्धालु भी इसी मार्ग से आवागमन करते हैं।

अजय सिंह, आदर्श मिश्र, शिव कमल सिंह, नागेंद्र कुमार शुक्ल, कल्लू मौर्य, दीपू सिंह, रमेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, सुजीत कुमार ने बताया कि गत दो वर्षों से गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के चलते दिन-रात भारी वाहनों के आवागमन से सड़क टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। जिसके कारण हर दो सौ मीटर की दूरी पर गड्ढे हो गए हैं।

मकानों व दुकानों के सामने जल निकासी को नाला-नाली न होने के कारण घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर भरा रहता है। रोजाना यहां पर आने जाने वाले वाहन आपस में टकराकर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। कई राहगीर गड्ढे बचाने के चक्कर में गिरकर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कार्तिक पूर्णिमा मेला शुरू होने वाला है।



Source link