उन्नाव। सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट से सराफा बाजार में रौनक लौट आई है। शादी-विवाह के इस सीजन में चार दिनों में जिले के सराफा कारोबारियों को करीब डेढ़ करोड़ रुपये के ऑर्डर मिले हैं।
अक्तूबर में सोना 1.48 लाख रुपये प्रति दस ग्राम पहुंच गया था। चांदी के भाव भी 2.38 लाख रुपये किलो तक पहुंचने से ग्राहकों की जेब पर बोझ बढ़ गया था। नवंबर में सोने का भाव घटकर 1.34 लाख रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी का भाव 1.66 लाख रुपये किलो आ गया है। सोना 14 हजार रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 72 हजार रुपये किलो सस्ती हुई है। 18 कैरेट सोने का भाव भी एक लाख रुपये प्रति दस ग्राम है।
सराफा कारोबारी राजेश कुमार, अंकित मिश्रा और गगन पांडेय ने बताया कि कीमतें अधिक होने के कारण कई परिवार शादी के लिए आभूषण खरीदने की योजना टाल रहे थे। कुछ लोग जरूरत के मुताबिक ही खरीदारी कर रहे थे। अब कीमतों में कमी से ग्राहकों का रुझान बढ़ा है। खासकर शादी और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के लिए सोने-चांदी के गहने बनवाने और नए डिजाइन पसंद करने वाले ग्राहक बाजार पहुंच रहे हैं।
कारोबारियों के मुताबिक चार दिनों में डेढ़ करोड़ रुपये के ऑर्डर मिलना बाजार के लिए उत्साहजनक है। हालांकि कुछ ग्राहक अभी भाव और गिरने की उम्मीद में खरीदारी टाल रहे हैं। यदि कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले दिनों में सराफा बाजार में ग्राहकी और बढ़ सकती है।
बाजार भाव पर एक नजर
सोना (24 कैरेट, प्रति 10 ग्राम)
अक्तूबर-1.48 लाख रुपये
नवंबर-1.34 लाख रुपये
सोना, 18 कैरेट आज का भाव प्रति दस ग्राम एक लाख रुपये
चांदी (प्रति किलो)
अक्तूबर-2.38 लाख रुपये
नवंबर-1.66 लाख रुपये
नोट-भाव दुकानदारों के अनुसार हैं।
