जागरण संवाददाता, वाराणसी। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत ‘सुरक्षित’ जिले का दर्जा प्राप्त कर लिया है। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन द्वारा जारी रैंकिंग में उत्तर प्रदेश के कुल छह जिलों को शामिल किया गया है, जिसमें वाराणसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

अपर जिलाधिकारी डा. सदानंद गुप्ता ने कहा कि यह उपलब्धि केवल किसी रैंकिंग या श्रेणी तक सीमित नहीं है, बल्कि एचआइवी के प्रति जागरूक समाज, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर जांच, परामर्श एवं उपचार पहुंचाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

‘सुरक्षित’ जनपद का दर्जा प्राप्त करना वाराणसी के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। यह सफलता सभी संबंधित विभागों, स्वास्थ्यकर्मियों, सहयोगी संस्थाओं एवं समुदाय के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। जिला क्षय रोग अधिकारी डा. पीयूष राय ने बताया कि राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन द्वारा एचआइवी कार्यक्रम की प्रगति एवं प्रभावी मानिटरिंग के लिए 95-95-95 के मूल मानकों के आधार पर जिलों की स्थिति का आकलन किया जाता है।

इन मानकों में एक मानक प्राप्त करने पर जनपद को संघर्षशील, दो मानक प्राप्त करने पर सक्षम और तीनों मानक प्राप्त करने पर सुरक्षित की श्रेणी में रखा जाता है। सीएमओ डा. एनपी सिंह ने बताया कि नियमित समीक्षा, आंकड़ों की सतत निगरानी से वाराणसी ने 95-95-95 के निर्धारित मानकों को हासिल किया है।

जिले में 4105 मरीजों का वायरल लोड सप्रेस्ड होना इस दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का महत्वपूर्ण परिणाम है। उत्तर प्रदेश में ‘सक्षम’ घोषित होने वाला प्रथम जनपद वाराणसी था और अब ‘सुरक्षित’ श्रेणी में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।



Source link