ज्येष्ठ माह के दूसरे बड़े मंगल पर एक बार फिर से राजधानी पर हनुमत भक्ति का रंग चढ़ेगा। हनुमान मंदिरों में भोग, पूजन-हवन, आरती के साथ हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ होगा तो वहीं भंडारे में प्रसाद भी बांटा जाएगा। शहर में जगह-जगह सैकड़ों भंडारों का आयोजन होगा जहां सुबह से शाम तक अलग-अलग मेन्यू के हिसाब से प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में हनुमान सेतु स्थित श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर, लेटे हनुमान जी मंदिर, अलीगंज स्थित पुराने हनुमान मंदिर, कैसरबाग के हनुमंत धाम, दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर और अलीगंज स्थित नए हनुमान मंदिर समेत सभी जगह बजरंगबली का विधिवत शृंगार कर सिंदूर का चोला चढ़ाया जाएगा। भजन-कीर्तन के आयोजन होंगे। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखी गई है। हरित भंडारों को लेकर कई स्वयंसेवी संस्थाओं ने लोगों को जागरूक करने की तैयारी कर रखी है। मंगलमान अभियान के तहत ऐसे भंडारों को प्रोत्साहित किया जा रहा है जहां प्लास्टिक का उपयोग न किया जाए और सफाई के लिए डस्टबिन व सफाईकर्मियों की तैनाती की जाए।
