{“_id”:”6af94afc5face2fe030766c3″,”slug”:”patient-lay-on-floor-for-three-hours-waiting-for-tests-despite-being-in-emergency-in-kgmu-lucknow-2026-11-15″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”लखनऊ: परचे पर लिखा था इमरजेंसी, फिर भी केजीएमयू में जांच के लिए तीन घंटे तक फर्श पर तड़पती रही मरीज”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

केजीएमयू में जांच के लिए तीन घंटे तक फर्श पर तड़पती रही मरीज
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
राजधानी लखनऊ स्थित केजीएमयू में इमरजेंसी मरीजों को भी जांच के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। अल्ट्रासाउंड जांच के लिए ट्रॉमा सेंटर से भेजे गए गंभीर मरीज को तीन घंटे तक फर्श पर लेटकर इंतजार करना पड़ा। मामले की शिकायत होने के बाद हरकत में आए अफसर आनन फानन उसे जांच के लिए अंदर ले गए।
सीतापुर रोड छठामील निवासी 18 वर्षीय शिवानी की आंत में संक्रमण है। चार महीने पहले उनका ऑपरेशन कर शौच का रास्ता अलग बनाया गया था। इसके लिए पाइप के सहारे थैली लगाई गई है। संक्रमण बढ़ने पर उन्हें बलरामपुर अस्पताल से केजीएमयू रेफर किया गया था। पिता राजकुमार के मुताबिक, वह शुक्रवार रात बेटी को लेकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे थे। शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे ट्रॉमा सेंटर से अल्ट्रासाउंड के लिए रेडियो डायग्नोसिस विभाग भेजा गया। डॉक्टर ने जल्द जांच कराने का हवाला दिया था और परचे पर इमरजेंसी भी लिखा था।
परिजन जांच कराने पहुंचे और फीस भी जमा कर दी, लेकिन दोपहर 2:30 बजे तक जांच नहीं हो सकी। इस दौरान मरीज फर्श पर पड़ी दर्द से तड़पती रही। केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह के मुताबिक, मामला जानकारी आने पर तुरंत मरीज की जांच करा दी गई थी।
स्ट्रेचर पर मरीज को लेकर पहुंचे, फिर भी नहीं हुई जांच
मरीज की जांच में लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। एक सप्ताह से गांधी वार्ड में भर्ती 65 वर्षीय लल्ली को चिकित्सकों ने अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी थी। परिजनों ने शुक्रवार को रेडियोडायग्नोसिस विभाग में फीस जमा कराई। उन्हें अगले दिन जांच के लिए बुलाया गया। शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे परिजन मरीज को स्ट्रेचर पर लेकर विभाग पहुंचे।
आरोप है कि उन्हें 32 नंबर दिया गया, लेकिन दोपहर 2:30 बजे तक जांच नहीं हो सकी। परिजनों का आरोप है कि विभाग में सिफारिश वाले मरीजों की जांच प्राथमिकता से की जा रही थी, जबकि सामान्य मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा था। इमरजेंसी मरीजों के परिजनों का कहना है कि गंभीर मरीजों की जांच में इस तरह की देरी से उनकी परेशानी बढ़ रही है।

