जागरण संवाददाता, लखनऊ। किसी विमान की लैंडिंग के समय होने वाले हादसे के समय त्वरित बचाव कार्य का अभ्यास कई एजेंसियों ने संयुक्त रूप से बुधवार को किया। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एयरोड्रोम आपातकालीन अभ्यास साहस 2026 के दौरान एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय का मूल्यांकन किया गया।

अभ्यास का उद्देश्य एयरपोर्ट की आपातकालीन तैयारियों का आकलन करना था। यह अभ्यास अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन और नागर विमानन महानिदेशालय के निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया गया। अभ्यास के तहत विमान की लैंडिंग के असफल प्रयास के बाद दुर्घटना की एक काल्पनिक स्थिति तैयार की गई।

एयर ट्रैफिक कंट्रोल, एयरपोर्ट रेस्क्यू एंड फायर फाइटिंग सेवाओं, सीआइएसएफ, चिकित्सा दलों और अन्य संबंधित एजेंसियों ने निर्धारित आपातकालीन प्रक्रियाओं के अनुसार त्वरित कार्रवाई की। आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रक्रियाओं, संकट प्रबंधन व्यवस्था, संचार प्रणाली और विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल की प्रभावशीलता का आकलन किया गया।

250 कर्मियों और आधुनिक आपातकालीन संसाधनों की हुई थी तैनाती

लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों, कर्मचारियों और सभी हितधारकों की सुरक्षा एवं कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अभ्यास के लिए सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक नोटिस टू एयरमैन (नोटम) जारी किया गया था। अभ्यास में लगभग 250 कर्मियों और आधुनिक आपातकालीन संसाधनों की तैनाती की गई थी।



Source link

अभी अभी की खबरें