कानपुर एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात हादसे में दो दोस्तों की मौत के बाद अधिकारी हरकत में आए। बृहस्पतिवार को डीसीपी ट्रैफिक ने बंथरा थाने की पुलिस और एनएचएआई के परियोजना निदेशक के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान सामने आया कि कुछ संपर्क मार्गों से आने वाले स्थानीय वाहन चालक अनजाने में एक्सप्रेसवे पर चढ़ जा रहे हैं।

डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी के मुताबिक प्रवेश से पहले लोगों को टोल प्लाजा की दूरी, टोल राशि, दोपहिया एवं तिपहिया वाहनों पर प्रतिबंध और वैकल्पिक मार्ग के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। यही नहीं, कुछ वाहन चालक लगभग छह किलोमीटर आगे पहुंचने के बाद यह समझ पाते हैं कि उन्हें टोल देना होगा, जो संबंधित वाहन की श्रेणी के अनुसार करीब 115 रुपये है। इसके बाद कुछ चालक टोल से बचने या सर्विस लेन पर लौटने के लिए वाहन को रिवर्स में लेकर जा रहे हैंं। यही नहीं, कई लोग यूटर्न लेकर उल्टी दिशा से वाहन लेकर जा रहे हैं। इससे हादसों की संभावना बढ़ जा रही है। बुधवार रात में भी ऐसा ही हुआ था। उल्टी दिशा से जा रहे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दोस्तों को टक्कर मार दी थी।

प्रतिबंध के बावजूद दौड़ रहे दोपहिया व तिपहिया वाहन

निरीक्षण में सामने आया है कि प्रतिबंध के बावजूद दोपहिया एवं तिपहिया वाहन एक्सप्रेसवे पर पहुंच रहे हैं। इसका कारण एक्सप्रेसवे पर पर्याप्त संकेतक न होना पाया गया। निरीक्षण के बाद तय किया गया कि एनएचएआई की ओर से एक्सप्रेसवे के सभी प्रवेश बिंदुओं से पहले बड़े और स्पष्ट सूचना-पट्ट लगाए जाएंगे। इन पर दोपहिया एवं तीन पहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध, टोल प्लाजा की दूरी, वाहन की श्रेणी के अनुसार देय टोल राशि, निकटतम अधिकृत निकास और बिना टोल वाले वैकल्पिक मार्ग की दिशा अंकित की जाएगी। ये सूचना-पट्ट ऐसे स्थानों पर लगाए जाएंगे, जहां वाहन चालक एक्सप्रेसवे पर प्रवेश करने से पहले सुरक्षित रूप से अपना मार्ग चुन सके।

प्रवेश बिंदुओं पर तैनात होंगे कर्मचारी, बढ़ेगी पेट्रोलिंग

दोपहिया एवं तिपहिया वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए प्रवेश बिंदुओं पर प्रभावी बैरिकेडिंग, लेन व्यवस्था व यातायात संचालन के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। जिन स्थानों से वाहन अनधिकृत रूप से यू-टर्न ले सकते हैं या गलत दिशा में आ सकते हैं, वहां नो यू-टर्न, नो एंट्री और रॉन्ग साइड के संकेतक, रिफ्लेक्टर, ब्लिंकर लगाए जाएंगे। एनएचएआई की ओर से एक्सप्रेसवे पर नियमित रूट पेट्रोलिंग की जाएगी। निर्माण करने वाली कंपनी का रूट पेट्रोलिंग वाहन लगातार भ्रमण करेगा।

दूसरी बार नियम तोड़ा तो देने पड़ेंगे 1500

एक्सप्रेसवे पर प्रतिबंधित वाहन अगर पहली बार नियम तोड़ते हैं तो उनसे पांच सौ रुपये शमन शुल्क वसूला जाएगा। हालांकि अगर वही वाहन चालक दोबारा नियम तोड़ता है तो उसे 1500 रुपये शुल्क देने होंगे। डीसीपी ट्रैफिक ने एनएचएआई के कंट्रोल रूम में एक ट्रैफिक सिपाही की अस्थायी तौर पर ड्यूटी लगाई है, जो सीसीटीवी कैमरे से निगरानी कर पुलिस को सूचना देगा। इसके बाद संबंधित वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *