लखनऊ। सुमित गुप्ता। अगर आपसे कोई कहे कि आप राजधानी लखनऊ की सीमा से बाहर कदम रखे बिना ही मऊ, गाजीपुर, अमेठी, बिजनौर, मिर्जापुर, सुलतानपुर, औरंगाबाद और यहां तक कि राजस्थान के उदयपुर की सैर कर सकते हैं, तो पहली बार में शायद यकीन न हो, लेकिन यह पूरी तरह सच है। तहजीब और विरासत के शहर लखनऊ का भूगोलिक क्षेत्र जितना विशाल है, इसके इलाकों के नामकरण की कहानी उतनी ही दिलचस्प और अनूठी है। यहां एक ही शहर की सीमा में यूपी के कई प्रमुख जिलों और देश के अन्य शहरों के नाम वाले गांव व मोहल्ले आबाद हैं। पिनकोड के दौर से पहले चिट्ठियों की डिलीवरी से लेकर आज के कैब चालकों तक उलझते हैं।

राजधानी के मोहनलालगंज, निगोहां, सरोजनीनगर, बीकेटी, जानकीपुरम और मलिहाबाद तहसील तक ऐसे कई गांव व कस्बे मौजूद हैं, जिनका नाम सुनकर बाहरी व्यक्ति चौंक जाता है। इंदिरा नगर से सटे इलाके में गाजीपुर स्थित है, जहां बाकायदा गाजीपुर थाना भी है। इसी तरह शहीद पथ और कल्ली पश्चिम के आगे बढ़ते ही बिजनौर क्षेत्र आ जाता है। मोहनलालगंज और गोसाईंगंज की ओर बढ़ें तो अमेठी कस्बा व मऊ जैसे गांव मिल जाएंगे। जानकीपुरम विस्तार में मिर्जापुर और बीकेटी में ग्राम पंचायत सुलतानपुर है। वहीं सरोजनीनगर-बिजनौर रोड के आसपास औरंगाबाद नाम का इलाका बसा है। वहीं राजस्थान के झीलों वाले शहर की याद दिलाने वाला उदयपुर गांव भी लखनऊ की सरहद में ही स्थित है।

ये भी पढ़ें:

मुरादाबाद की 6 सीटों पर सैनी वोटर बड़ा फैक्टर, सीट बंटवारे के बीच चर्चा तेज

इतिहास और राजस्व अभिलेखों में दर्ज विरासत

स्थानीय निवाासियों के मुताबिक इन इलाकों के नामकरण के पीछे सदियों पुरानी बसावट और प्रशासनिक इतिहास जुड़ा है। नवाबी दौर से लेकर अंग्रेजी हुकूमत तक, अवध, पूर्वांचल और पश्चिमी यूपी के विभिन्न हिस्सों से लोग रोजगार, व्यापार और जागीरदारी के सिलसिले में लखनऊ आकर बसे। कई गांवों के नाम पुराने राजस्व अभिलेखों, बंदोबस्त और ब्रिटिशकालीन गजेटियर में भी इन्हीं नामों से दर्ज चले आ रहे हैं, जो संयोगवश अन्य बड़े शहरों के नाम से हूबहू मेल खाते हैं।

चिट्ठियों से लेकर कैब बुकिंग तक रोचक भ्रम

एक जैसे नामों की वजह से अक्सर बेहद दिलचस्प स्थिति पैदा हो जाती है। पिनकोड व्यवस्था के व्यापक होने से पहले जब बाहर से चिट्ठियां या पार्सल आते थे, तो डाक विभाग के कर्मचारी भी कई बार असमंजस में पड़ जाते थे। आज के डिजिटल दौर में भी जब कोई बाहरी व्यक्ति लखनऊ आकर ऑटो या कैब चालक से बिजनौर, अमेठी, मऊ या उदयपुर चलने को कहता है, तो अनजान व्यक्ति को लगता है कि शायद सैकड़ों किलोमीटर दूर के जिले या महाराष्ट्र के शहर की बात हो रही है।

ये भी पढ़ें:

BDA में शामिल होंगे 402 ग्राम पंचायतें, लखनऊ से सटी आबादी भी हिस्सा बनेगी

एक शहर में सिमटी प्रदेश की झलक

समय के साथ लखनऊ के शहरी विस्तार ने इन ग्रामीण और कस्बाई इलाकों की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। पूर्वांचल, अवध और पश्चिमी यूपी की संस्कृति के संगम वाले ये क्षेत्र आज राजधानी के प्रमुख आवासीय और व्यावसायिक केंद्र बन चुके हैं। यह अनोखा नामकरण लखनऊ की समावेशी पहचान को और भी खास बनाता है।

ये भी पढ़ें:

यूपी में स्कूटी योजना में रुचि नहीं ले रहे 16 डीएम, शासन ने दिखाई सख्ती

लखनऊ के ये प्रमुख इलाके व गांव

– उदयपुर: राजस्थान के झीलों वाले मशहूर शहर की याद दिलाने वाला उदयपुर गांव निगोहां क्षेत्र में स्थित है।

– मऊ: पूर्वांचल के जिले जैसा नाम रखने वाला मऊ गांव मोहनलालगंज में बसा है।

– गाजीपुर: इंदिरा नगर से सटा यह एक प्रमुख शहरी और आवासीय मोहल्ला है, जहां बाकायदा गाजीपुर थाना भी स्थित है।

– अमेठी: गोसाईंगंज क्षेत्र के भीतर ही अमेठी कस्बा स्थित है।

– बिजनौर: शहीद पथ और कल्ली पश्चिम के आगे बढ़ते ही बिजनौर क्षेत्र शुरू होता है।

– मिर्जापुर: राजधानी के जानकीपुरम विस्तार क्षेत्र में मिर्जापुर नाम का इलाका बसा हुआ है।

– सुलतानपुर: बीकेटी में ग्राम पंचायत सुलतानपुर है। साथ ही सुलतानपुर गांव भी है।

– औरंगाबाद: सरोजनीनगर-बिजनौर रोड के आसपास औरंगाबाद जागीर नाम का इलाका है।



Source link