लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने हॉस्टल मेस शुल्क में कोई कमी नहीं की है, लेकिन विद्यार्थियों पर अतिरिक्त कॉशन मनी का बोझ जरूर डाल दिया है। विश्वविद्यालय की ओर से शनिवार दी गई जानकारी के मुताबिक छात्रों के लिए कुल शुल्क 37,738 रुपये से बढ़कर 40,000 रुपये प्रदर्शित हो रहा है। छात्राओं के लिए यह शुल्क 29,192 रुपये से बढ़कर 32,000 रुपये हो गया है। इस अंतर का मुख्य कारण वापसी योग्य कॉशन मनी में संशोधन है। कॉशन मनी को 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये किया गया है। यह 1,000 रुपये की वृद्धि पूरी तरह से वापसी योग्य है। यह राशि छात्र-छात्राओं को हॉस्टल या मेस छोड़ते समय वापस कर दी जाती है। इसे वास्तविक शुल्क वृद्धि नहीं माना जा सकता है।
छात्रों के कुल शुल्क में 2,262 रुपये की वृद्धि दिख रही है। छात्राओं के कुल शुल्क में 2,808 रुपये की वृद्धि हुई है। इस वृद्धि में 1,000 रुपये की कॉशन मनी शामिल है। प्रवक्ता डॉ. मुकुल श्रीवास्तव का कहना है कि कॉशन मनी के अलावा शेष अंतर की राशि का समायोजन आगामी नए मेस टेंडर की स्वीकृत दरों के अनुसार किया जाएगा।
