Fraud of 14.16 lakh rupees by posing as Finance employee in jaunpur

साइबर क्राइम
– फोटो : अमर उजाला ग्राफिक

विस्तार

फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बनकर साइबर ठगों ने नेवढ़िया थाना क्षेत्र के पुरा जीवन गांव निवासी सुजीत कुमार पटेल से 14.16 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने कम ब्याज दर पर टॉपअप लोन दिलाने और पुराने लोन को बंद कराने का झांसा देकर तीन अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करा ली। इसके बाद मोबाइल नंबर बंद कर लिया। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।


क्या है पूरा मामला

सुजीत कुमार पटेल के अनुसार, उनके मोबाइल पर दो अलग-अलग नंबरों से फोन आया। कॉल करने वालों ने खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनके पहले से चल रहे लोन पर 14 लाख 19 हजार 833 रुपये का टॉपअप ऑफर है। इससे ब्याज दर और अन्य खर्च कम हो जाएंगे। 

आरोपियों के बताए तरीके से उन्होंने अपने खाते में रकम मंगाई। बाद में पता चला कि नए लोन की ब्याज दर पहले से अधिक है। इस पर उन्होंने फोन करने वालों से संपर्क कर लोन बंद कराने की बात कही। आरोपियों ने पूरी रकम वापस भेजने पर लोन बंद कराने का भरोसा दिया।

इसके बाद उनके बताए तीन बैंक खातों में रुपये जमा करा दिए। पहले खाते में जो राजन मौर्या के नाम से था। उसमें 10 लाख 50 हजार, प्रिंस कुमार नाम के दूसरे खाते में दो लाख 70 हजार और पूजा झा के नाम से तीसरे खाते में 96 हजार 500 रुपये भेजे। इस तरह कुल 14 लाख 16 हजार 500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। 

रकम भेजने के बाद आरोपियों के मोबाइल नंबर बंद हो गए। लोन भी बंद नहीं हुआ। छानबीन करने पर ठगी का पता चला। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर क्राइम थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। साइबर सेल प्रभारी विनोद मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।



Source link