जिले के परिषदीय विद्यालयों में नई स्कूल प्रबंध समितियों (एसएमसी) के गठन की तैयारी शुरू हो गई है। 30 नवंबर तक सभी विद्यालयों में इन समितियों का गठन पूरा किया जाना है। इसके बाद एक दिसंबर से नई समितियां कार्यभार संभाल लेंगी। इन समितियों के माध्यम से शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और बुनियादी सुविधाओं आदि की निगरानी में अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी।
जिले में 2266 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं, इनमें 1462 प्राथमिक, 350 उच्च प्राथमिक तथा 454 कंपोजिट स्कूल हैं। प्रत्येक विद्यालय में 15 सदस्यीय स्कूल प्रबंध समिति गठित होगी। इसमें 11 सदस्य बच्चों के अभिभावक होंगे। इसके अलावा स्थानीय प्राधिकारी का एक निर्वाचित सदस्य, एएनएम, जिलाधिकारी की ओर से नामित लेखपाल और विद्यालय के प्रधानाध्यापक को सदस्य बनाया जाएगा। समिति में कम से कम 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य होगी। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन अभिभावक सदस्यों में से किया जाएगा। इनमें कम से कम एक पद महिला के लिए आरक्षित रहेगा। समिति का कार्यकाल दो वर्ष निर्धारित किया गया है। इसके गठन के लिए विद्यालय स्तर पर खुली बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें अभिभावकों की कुल संख्या के कम से कम 50 प्रतिशत की उपस्थिति अनिवार्य होगी। सदस्यों के चयन में सर्वसम्मति बनाने का प्रयास किया जाएगा। सहमति नहीं बनने की स्थिति में मतदान के माध्यम से चयन किया जाएगा। नई समितियां विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और शैक्षिक व्यवस्था पर भी नजर रखेंगी।
निर्माण कार्यों के लिए बनेगी चार सदस्यीय उपसमिति
विद्यालयों में निर्माण और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों की निगरानी के लिए चार सदस्यीय इंफ्रास्ट्रक्चर उपसमिति का गठन किया जाएगा। यह उपसमिति विद्यालय में होने वाले निर्माण कार्यों और उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति पर नजर रखेगी। एसएमसी विद्यालय विकास की तीन वर्षीय योजना तैयार करने के साथ ही शासन से मिलने वाले अनुदान के उपयोग की निगरानी भी करेगी। इसके अलावा 30 लाख रुपये तक के निर्माण कार्य एसएमसी के माध्यम से कराए जाएंगे।
शासन के निर्देश पर 30 नवंबर तक सभी विद्यालयों में समितियों का गठन पूरा किया जाना है। इसके गठन के लिए विद्यालय स्तर पर खुली बैठक आयोजित की जाएगी। निर्धारित समयसीमा में सभी विद्यालयों में नई समितियों का गठन पूरा कराने की तैयारी है।- उपासना रानी वर्मा, बेसिक शिक्षा अधिकारी
