वाराणसी जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के काजीसराय में शनिवार रात जन सेवा केंद्र संचालक जावेद अली से लूट की कोशिश हुई। सूझबूझ दिखाते हुए संचालक ने खुद को बचा लिया, जबकि स्थानीय लोगों ने बदमाश को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
काजीसराय निवासी जावेद अली शनिवार रात आठ बजे दुकान बंद करने की तैयारी में था, तभी बाइक से एक युवक वहां पहुंचा और कैश निकालने की बात कहने लगा। जावेद ने दुकान बंद होने की बात कही तो युवक वहीं रुक गया। 15 मिनट तक वह मोबाइल पर बात करता रहा और आसपास नजर रखता रहा।
सड़क सुनसान होते ही युवक ने कमर से पिस्टल निकालकर जावेद पर तान दी और कैश देने की धमकी दी। घबराने के बजाय जावेद ने समझदारी दिखाई और कहा कि रुपये पीछे कमरे में रखे हैं। इसके बाद वह अंदर गया और पीछे के रास्ते बाहर निकलकर शोर मचाने लगा।
शोर सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भागने की कोशिश कर रहे बदमाश को बाइक समेत पकड़ लिया गया और पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के पास से पिस्टल और बाइक बरामद कर पूछताछ की जा रही है।
