वाराणसी2 महीने पहले

  • कॉपी लिंक

वाराणसी में शारदीय नवरात्र और भारतीय वायुसेना के एरियल डिस्प्ले-2026 को देखते हुए नगर निगम ने मांस-मछली की बिक्री पर सख्ती बढ़ा दी है। शहर में 26 अक्टूबर तक मांस, मछली और मुर्गे की दुकानें बंद रखने का आदेश है। मंगलवार रात सप्तसागर इलाके में एक दुकान खुली मिलने पर टीम ने दुकानदार का 5 हजार रुपए का चालान काट दिया।

नगर निगम ने नमो घाट पर होने वाले एयर शो के दौरान लड़ाकू विमानों की सुरक्षित उड़ान के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। 19 से 26 अक्टूबर तक नमो घाट के आसपास 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में मांस-मछली की बिक्री, कटाई और खुले में परिवहन पर रोक लगाई गई है। गंगा घाटों के आसपास पतंग उड़ाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।

सप्तसागर में दुकान खुली मिली, 5 हजार का चालान

मंगलवार को नगर निगम की प्रवर्तन टीमों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सप्तसागर क्षेत्र में एक मांस की दुकान खुली मिली। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकानदार पर 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।

दुकानदार को चेतावनी दी गई कि दोबारा नियम तोड़ने पर दुकान सील करने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि निरीक्षण के दौरान ज्यादातर दुकानें बंद मिलीं। जहां नियमों का उल्लंघन मिला, वहां कार्रवाई की गई।

मंदिरों और काशी विश्वनाथ धाम के आसपास भी पाबंदी

नगर निगम के आदेश के मुताबिक, 26 अक्टूबर तक शहर में मांस, मछली और मुर्गे की बिक्री पर रोक रहेगी। इसके अलावा, पुराने प्रस्ताव और लागू नियमों के तहत मंदिरों के 500 मीटर के दायरे में मांस की बिक्री और पशुवध प्रतिबंधित है।

श्री काशी विश्वनाथ धाम को केंद्र मानकर उसके दो किलोमीटर के दायरे में मांस की बिक्री, इस्तेमाल, भंडारण और पशुवध पर भी पाबंदी लागू है।

एयर शो के लिए 20 से 30 किलोमीटर तक निगरानी

नमो घाट पर भारतीय वायुसेना का एरियल डिस्प्ले-2026 आयोजित होना है। इसे देखते हुए नगर निगम ने 19 से 26 अक्टूबर तक विशेष प्रतिबंध लागू किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, लड़ाकू विमानों की सुरक्षित और बिना रुकावट उड़ान सुनिश्चित करने के लिए नमो घाट के आसपास 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में मांस-मछली की बिक्री, कटाई और खुले में परिवहन पर रोक लगाई गई है।

पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि नवरात्र और एयर शो को ध्यान में रखते हुए अभियान लगातार जारी रहेगा।

गंगा घाटों के आसपास पतंग उड़ाने पर भी रोक

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गंगा घाटों और आसपास के इलाकों में पतंगबाजी पर भी तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। प्रशासन का कहना है कि पतंग का मांझा या धागा लड़ाकू विमानों के इंजन और संवेदनशील हिस्सों में फंसने से खतरा पैदा कर सकता है।

नगर आयुक्त ने सभी जोन के अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में निगरानी टीमें बनाने के निर्देश दिए हैं। नियम तोड़ने वाले दुकानदारों के साथ ड्यूटी में लापरवाही करने वाले नगर निगम कर्मचारियों पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं…



Source link