15वीं सदी के कवि और संत कबीर से प्रेरित संगीत, कविता, सांस्कृतिक विस्तार और विरासत का एक दशक अब पूरा होने जा रहा है. महिंद्रा कबीरा फ़ेस्टिवल 4 से 6 दिसंबर 2026 तक गंगा किनारे, वाराणसी के ऐतिहासिक घाटों पर फिर लौट रहा है. महिंद्रा समूह द्वारा प्रस्तुत और टीमवर्क आर्ट्स द्वारा निर्मित इस ख़ास 10वें संस्करण में फ़ेस्टिवल के पिछले संस्करणों में आए कलाकार एक बार फिर शामिल होंगे. वे नई संगीत प्रस्तुतियों के साथ पुरानी यादें ताज़ा करेंगे.
10वें संस्करण में कलाकारों और विचारकों का एक प्रतिष्ठित समूह एक जगह इकट्ठा हो रहा है. यह कबीर की मूल भावना और विभिन्न पीढ़ियों द्वारा उनके शब्दों की अलग-अलग व्याख्याओं का उत्सव होगा. बीते दस सालों में फ़ेस्टिवल ने शास्त्रीय, लोक, भक्ति और समकालीन संगीत के माध्यम से कबीर की कविता और दर्शन को समझने और उन्हें श्रद्धांजलि देने वाले मंच के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है.
28 नवंबर को होगा काशी-तमिल संगमम का आगाज, उपराष्ट्रपति-सीएम योगी करेंगे शुभारंभ
गुलेरिया कोठी में मशहूर वाराणसी गंगा आरती से होगी आयोजन की शुरुआत
2026 के आयोजन की शुरुआत 4 दिसंबर को गुलेरिया कोठी में मशहूर वाराणसी गंगा आरती से होगी. इसके बाद कबीरचौरा मठ के आध्यात्मिक गुरु उमेश कबीर से बातचीत होगी. फिर कलापिनी कोमकली अपने पिता, महान गायक कुमार गंधर्व की संगीत-विरासत को श्रद्धांजलि देते हुए ‘ट्रिब्यूट टू कुमार गंधर्व’ पेश करेंगी.
5 और 6 दिसंबर की सुबह गुलेरिया कोठी में ‘सब्लाइम मॉर्निंग्स’ के तहत संगीत की कई प्रस्तुतियाँ होंगी. 5 दिसंबर को विदुषी डॉ. कमला शंकर गिटार पर शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति देंगी. स्वेता किल्पाडी आत्मरंजन के साथ ‘म्यूज़िक फ़ॉर द सोल’ प्रस्तुत करेंगी.
6 दिसंबर को द महाराज ट्रायो ‘अनटच्ड म्यूज़िक ऑफ़ बनारस’ पेश करेगा. उसके बाद द आह्वान प्रोजेक्ट के साथ ‘ऐ कबीर तुम कहाँ हो? : म्यूज़िक एंड म्यूज़िंग्स’ होगा. दोपहर के सत्रों में लोग कबीर की कविता, विचारों और आज के समय में उनकी अहमियत से जुड़ सकेंगे. 5 दिसंबर को ‘मन लागो रे : काशी के निर्गुण कवि’ में लिंडा हेस संजॉय रॉय से बातचीत करेंगी. इसमें यूसरा नक़वी के गीत भी होंगे.
6 दिसंबर को वेदांत भारद्वाज ‘उड़ जाएगा हंस अकेला – द फ़्लाइट बैक होम’ पेश करेंगे. इसके बाद पुरुषोत्तम अग्रवाल ‘यूनीक, बट नॉट अलोन’ प्रस्तुत करेंगे. शाम ढलते ही शिवाला घाट पर फ़ेस्टिवल का सांध्यकालीन संगीत कार्यक्रम होगा, जिसमें कबीर से प्रेरित कई स्वर और परंपराएँ एक साथ सुनने को मिलेंगी. 5 दिसंबर को पद्मश्री प्रह्लाद टिपानिया ‘सॉन्ग्स ऑफ़ द फ़ॉर्मलेस : कबीर वाणी एंड निर्गुण भजन’ पेश करेंगे.
6 दिसंबर को फ़कीरा ‘फ़कीरनामा’ पेश करेंगे
इसके साथ पपेटशाला परफ़ॉर्मिंग आर्ट्स की कठपुतली प्रस्तुति होगी, और शाम को पद्मश्री अरुणा साईराम का संगीत कार्यक्रम होगा. 6 दिसंबर को फ़कीरा ‘फ़कीरनामा’ पेश करेंगे. पपेटशाला परफ़ॉर्मिंग आर्ट्स की एक और प्रस्तुति होगी, और वासु दीक्षित कलेक्टिव ‘इलेक्ट्रो-कबीरा’ के साथ संगीत समारोह का समापन होगा.
टीमवर्क आर्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर ने क्या कहा?
टीमवर्क आर्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर संजॉय के. रॉय ने कहा, “महिंद्रा कबीरा फ़ेस्टिवल संगीत और संवाद के ज़रिए कबीर की कविता और दर्शन को ज़िंदा करता है. 10वाँ संस्करण साझा यादों का उत्सव है. यह हमें कबीर की लगातार बदलती व्याख्याओं को जानने का मौक़ा भी देता है, जिनके शब्द पीढ़ी-दर-पीढ़ी हमसे बात करते हैं.”
महिंद्रा समूह के वाइस प्रेसिडेंट एवं कल्चरल आउटरीच के प्रमुख जय शाह ने कहा, “महिंद्रा कबीरा फ़ेस्टिवल ने बीते दस सालों में एक अलग सांस्कृतिक मंच खड़ा किया है, जो संगीत, कला और संवाद के माध्यम से कबीर के दर्शन को नए दर्शकों तक पहुँचा रहा है. महिंद्रा में हम भारत की सांस्कृतिक विरासत और उन कलाकारों का साथ देने में यक़ीन रखते हैं जो इन परंपराओं को ज़िंदा रखे हुए हैं. हमें इस सफ़र का हिस्सा होने पर गर्व है और हम फ़ेस्टिवल को अपने उद्देश्य पर क़ायम रहते हुए आगे बढ़ता देखने को उत्सुक हैं.”
कार्यक्रमों और सत्रों के अलावा फ़ेस्टिवल में आने वाले प्रतिभागी हेरिटेज वॉक, मंदिर दर्शन, नाव की सैर, गंगा आरती और स्थानीय हस्तशिल्प व खान-पान की प्रदर्शनी के ज़रिए वाराणसी की संस्कृति को क़रीब से देख सकेंगे.
फ़ेस्टिवल में ‘कबीरा आर्ट प्रोजेक्ट’ भी होगा. यह एक जीवंत और सबको साथ लेकर चलने वाली पहल है, जिसमें उभरते युवा कलाकार और स्थापित कलाकार मिलकर अपनी रचनात्मकता दिखाते हैं. क्षेत्र के स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को मशहूर कलाकारों के साथ अपनी कलाकृतियाँ प्रदर्शित करने के लिए बुलाया गया है. इससे सीखने और साथ काम करने का माहौल बनता है.
प्रदर्शनी महिंद्रा कबीरा फ़ेस्टिवल 2026 के तहत 5 और 6 दिसंबर को वाराणसी के शिवाला घाट पर लगेगी. कलाकृतियाँ फ़ेस्टिवल के प्रतिभागियों और आम दर्शकों के लिए प्रदर्शित की जाएंगी. इससे युवा कलाकारों को पहचान मिलेगी और वे महिंद्रा कबीरा फ़ेस्टिवल के लगातार विकसित होते कलात्मक ताने-बाने का हिस्सा बन सकेंगे.
फ़ेस्टिवल से एक महीने पहले वाराणसी के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में तीन दिन का आउटरीच अभियान चलाया गया था. इसका मक़सद शहर के विद्यार्थियों में फ़ेस्टिवल के बारे में जागरूकता बढ़ाना और उन्हें इससे जोड़ना था.
2017 में ‘ग्रीन फ़ेस्टिवल’ के तौर पर येल द्वारा प्रमाण-पत्र पा चुका यह फ़ेस्टिवल पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल तौर-तरीक़ों की ओर बढ़ रहा है. सस्टेनेबिलिटी पार्टनर स्क्रैप के साथ मिलकर यहाँ कचरे को सही ढंग से अलग-अलग किया जाता है और परिसर में प्लास्टिक का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं होता.
दस साल बाद महिंद्रा कबीरा फ़ेस्टिवल सिर्फ़ एक पड़ाव का नहीं, बल्कि एक समुदाय और कबीर की सदाबहार सीख पर बनी संगीत-यात्रा का जश्न मना रहा है. अपनी कहानी का हिस्सा रहे कलाकारों से फिर जुड़कर यह ऐतिहासिक 10वाँ संस्करण उन रिश्तों, संगीत परंपराओं और साझा यादों का सम्मान करता है जिन्होंने फ़ेस्टिवल को गढ़ा है.
साथ ही दर्शकों के लिए नए अनुभव भी रचता रहता है. इसके केंद्र में कबीर का वही क्रांतिकारी, सबको अपनाने वाला और मेल-जोल को बढ़ावा देने वाला दर्शन है, जो धर्म, भाषा और परंपरा की सीमाओं से परे है और आज भी दुनिया में गूँज रहा है.
ठंड में मजदूरों का सहारा बनेगी योगी सरकार, इन जगहों पर खुलेंगे लेबर अड्डे
