Last Updated:
Jaunpur ki local news : क्या आप भी सीलबंद बोतल के पानी को पूरी तरह शुद्ध और सुरक्षित मानते हैं. जौनपुर से सामने आई एक जांच रिपोर्ट आपको गलत साबित कर सकती है. विभाग की ओर से 52 पैरामीटर के आधार पर की गई जांच में पानी के अंदर यीस्ट, मोल्ड और कोलीफॉर्म जैसे फंगस वाले बैक्टीरिया मिले हैं. ये सूक्ष्मजीव पानी की स्वच्छता के लिए बेहद घातक हैं. इनके सेवन से पेट, आंत और दूसरी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. जौनपुर की सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय डॉ. मंजुला सिंह लोकल 18 से बताती हैं कि पानी की गुणवत्ता को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग ने एक विशेष अभियान चलाया था. 9 नमूने संग्रहित किए गए. इनमें से केवल एक नमूना पास हुआ. रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाही शुरू कर दी गई है.
जौनपुर. बाजार से सीलबंद बोतल खरीदकर पानी पीते समय हर कोई यही मानता है कि यह पूरी तरह शुद्ध और सुरक्षित है, लेकिन जौनपुर से सामने आई एक जांच रिपोर्ट ने आम लोगों के इस भरोसे को झकझोर कर रख दिया है. खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जांच में स्थानीय स्तर पर बिकने वाले पैक्ड ड्रिंकिंग वाटर की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं. पिछले छह माह के भीतर सतहरिया और मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के स्थानीय प्लांटों से लिए गए 10 नमूनों में से पांच अधोमानक और तीन पूरी तरह असुरक्षित पाए गए हैं. ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी हो गया है कि बाजार से पानी खरीदते समय आप कैसे पहचानें कि वह पीने लायक और सुरक्षित है या नहीं.
जांच रिपोर्ट के नतीजे बेहद चौंकाने वाले हैं. विभाग की ओर से 52 पैरामीटर के आधार पर की गई जांच में पानी के अंदर यीस्ट, मोल्ड और कोलीफॉर्म जैसे फंगस वाले बैक्टीरिया की मौजूदगी सामने आई है. ये सूक्ष्मजीव पानी की स्वच्छता के लिए बेहद घातक होते हैं और इनके सेवन से पेट, आंत और दूसरी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. हैरानी की बात यह है कि इन बोतलों की पैकिंग पर उत्पादन, बैच और उपयोग की अंतिम तिथि जैसी सभी जरूरी सूचनाएं दर्ज होती हैं, जिसे देखकर आम लोग इन्हें सुरक्षित मानकर खरीद लेते हैं.
इन कंपनियों पर गिरेगी गाज
जौनपुर की सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय डॉ. मंजुला सिंह लोकल 18 से बताती हैं कि पानी की गुणवत्ता को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग ने एक विशेष अभियान चलाया था, जिसमें 9 नमूने संग्रहित किए गए. इनमें से केवल एक नमूना पास हुआ, जबकि शेष फेल पाए गए. डॉ. मंजुला सिंह के अनुसार, गंभीर श्रेणी में फेल होकर ‘अनसेफ’ पाए गए तीन नमूनों में काशी इंटरप्राइजेज, यूनिक वॉटर और चिराग इंटरप्राइजेज शामिल हैं. जांच में काशी इंटरप्राइजेज का नमूना मानक के अनुरूप नहीं मिला और इसमें मैग्नीशियम तथा कैल्शियम की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई. रिपोर्ट फेल आने के बाद तीनों कंपनियों के खिलाफ अभियोजन की कार्यवाही शुरू कर दी गई है.
डॉ. मंजुला सिंह ने सुरक्षित पानी की पहचान के तरीके भी बताए हैं. उन्होंने कहा कि जब भी आप पैकेज्ड वॉटर खरीदें, तो सबसे पहले उसके लेबल को बेहद ध्यान से पढ़ें. इसके बाद बोतल पर लिखी एक्सपायरी डेट को जरूर जांचें, क्योंकि कई बार यह बहुत छोटे अक्षरों में या किनारे पर खुरदुरी लिखी होती है, जिसे लोग अनदेखा कर देते हैं. पानी की बोतल लेते समय पैकेजिंग-लेबलिंग के नियमों पर ध्यान दें और सबसे जरूरी बात कि उस पर एफएसएसएआई (FSSAI) का लाइसेंस देखकर ही उसे खरीदें.
आरओ प्लांटों पर भी कसेगा शिकंजा
डॉ. मंजुला सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में संचालित सभी प्लांटों की जांच कर नमूने लिए जा चुके हैं. अब होलसेल और रिटेल बाजार में बिक रहे पानी की भी सैंपलिंग कराई जाएगी. दूसरी ओर, शहर से गांव तक संचालित स्थानीय आरओ प्लांटों का विभाग के पास कोई लेखा-जोखा न होना भी एक बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है, हालांकि अब इन्हें भी चिन्हित कर पंजीयन के दायरे में लाने की बात कही जा रही है.
About the Author

प्रियांशु को एक दशक से ज्यादा हो गए पत्रकारिता में. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी कर अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. यहां लंबे समय तक हरिया…
