उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गांव में ऐसी बछिया ने जन्म लिया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है। इस बछिया की चार आंखें, दो मुंह और दो कान हैं। इसकी बनावट दूसरी बछियों से बिल्कुल अलग है। जैसे ही गांव और आसपास के इलाकों में इसकी खबर पहुंची, इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी। कोई इसे कुदरत का अनोखा करिश्मा बता रहा है तो कोई इसकी सेहत को लेकर चिंता जता रहा है। फिलहाल यह बछिया पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मामला सुल्तानपुर के मलिकपुर अहिरौली गांव का है। यहां पशुपालक राजेंद्र प्रसाद यादव के घर एक बछिया का जन्म हुआ। जन्म के बाद जब परिवार के लोगों ने उसे देखा तो उसकी बनावट देखकर सभी हैरान रह गए। बछिया के दो मुंह, चार आंखें और दो कान हैं। हालांकि, उसकी मां पूरी तरह स्वस्थ है और नॉर्मल तरीके से खड़ी होकर चारा-पानी खा रही है।
View this post on Instagram
सिर भारी होने की वजह से खड़ी नहीं हो पा रही बछिया
परिवार के मुताबिक बछिया दूध तो पी रही है, लेकिन उसके सिर का हिस्सा काफी भारी है। इस वजह से वह खुद से अपना सिर नहीं उठा पा रही है। यहां तक कि अपने पैरों पर खड़े होने में भी उसे परेशानी हो रही है। ऐसे में परिवार के लोग पुआल और कपड़ों की मदद से उसे आरामदायक स्थिति में लिटाकर रख रहे हैं और उसकी देखभाल कर रहे हैं।
क्या है चार आंखें और दो मुंह होने की वजह?
चिकित्सा विज्ञान में इस तरह की स्थिति को पॉलीसेफली कहा जाता है। यह एक बेहद दुर्लभ जन्मजात स्थिति है। भ्रूण के विकास के दौरान शरीर की संरचना का पूरी तरह अलग न हो पाना या विकास में असामान्यता होने के कारण एक से अधिक सिर या चेहरे से जुड़े अंग विकसित हो सकते हैं। हालांकि, हर मामले में इसकी बनावट और गंभीरता अलग हो सकती है। ऐसी स्थिति में पशु के जीवित रहने और नॉर्मल रूप से चलने-फिरने की क्षमता कई बातों पर निर्भर करती है। खासतौर पर यह देखना जरूरी होता है कि उसका सांस लेने, खाना पचाने और तंत्रिका तंत्र किस तरह काम कर रहे हैं।
परिवार ने पशु चिकित्सकों से लगाई मदद की उम्मीद
पशुपालक राजेंद्र प्रसाद यादव के मुताबिक स्थानीय स्तर पर चिकित्सकों से इस बारे में बात की गई है। उन्होंने बछिया को खड़ा कर पाने और उसकी स्थिति सामान्य करने में आने वाली चुनौतियों के बारे में बताया है। परिवार चाहता है कि पशु चिकित्सक और संबंधित विभाग के लोग उसकी जांच करें। अगर किसी खास इलाज या देखभाल से उसे खड़ा होने में मदद मिल सकती है तो इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।
