{“_id”:”6b088ee940acfe8ceb03a7a9″,”slug”:”school-children-will-now-explore-the-world-of-space-using-telescopes-amethi-news-c-96-1-ame1002-181294-2026-11-27″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Amethi News: अब टेलीस्कोप से अंतरिक्ष की दुनिया देखेंगे स्कूलों के बच्चे”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

जगदीशपुर के पिसियांवा विद्यालय में खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन करती छात्रा।-संवाद
जगदीशपुर। परिषदीय विद्यालयों के बच्चे अब किताबों के साथ प्रयोगों से अंतरिक्ष की दुनिया समझेंगे। जगदीशपुर के पिसियांवा विद्यालय में पांच लाख रुपये की लागत से खगोल विज्ञान प्रयोगशाला स्थापित की गई है। इंडोरामा के सीएसआर फंड से तैयार प्रयोगशाला का शुभारंभ बृहस्पतिवार को हुआ। विद्यालय में 189 बच्चे अध्ययनरत हैं। जिले के परिषदीय विद्यालयों में इस स्तर की यह पहली प्रयोगशाला है।
प्रयोगशाला में टेलीस्कोप, न्यूटनियन रिफ्लेक्टर टेलीस्कोप, सोलर फिल्टर और एस्ट्रोफोटोग्राफी मोबाइल एडाप्टर लगाए गए हैं। चंद्रमा की कलाओं, सूर्य और चंद्र ग्रहण, दिन-रात, सौरमंडल, न्यूटन के तीन नियम, प्रकाश के प्राथमिक रंग और अन्य ग्रहों पर वजन से संबंधित मॉडल भी रखे गए हैं। प्लैनिस्फियर, धूपघड़ी, स्पेक्ट्रोस्कोप, रॉकेट मॉडल, वीआर बॉक्स और ऑगमेंटेड रियलिटी कार्ड भी उपलब्ध हैं।
इंडोरामा के मानव संसाधन विकास विभाग के मनोज झा ने बताया कि बच्चों में विज्ञान और खगोल विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। प्रयोगों के माध्यम से बच्चे विषयों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। अभिनव सिन्हा ने बताया कि प्रयोगशाला से बच्चे ब्रह्मांड में होने वाली घटनाओं को समझ सकेंगे। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एवं वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का उदाहरण देकर बच्चों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान अशोक कुमार वर्मा, प्रदीप कुमार, हमीदा बानो और सूर्या मिश्रा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि नई शिक्षा नीति का उद्देश्य बच्चों को करके सीखने के अवसर देना है।
