जानकारी के अनुसार, यह हादसा इको कार और स्विफ्ट कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर के कारण हुआ। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के बाद इको कार सड़क पर तीन बार पलट गई। इस हादसे में इको कार के चालक का हाथ कट गया और दो बच्चों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मकान में आग लगने से युवक की जिंदा जलकर मौत
मेरठ के मवाना में मंगलवार तड़के एक मकान में आग लगने से 30 वर्षीय युवक आशु की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना मोहल्ला काबली गेट की वाल्मीकि गली की है। सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस और दमकलकर्मियों ने मकान के प्रथम तल से युवक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पारिवारिक विवाद और शराब के नशे में युवक द्वारा खुद आग लगाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सड़क किनारे झाड़ियों में मिला नवजात का शव
मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह सड़क किनारे झाड़ियों में नवजात का शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया था और इसके पीछे क्या वजह रही। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ट्रक ने दो मासूम बहनों को कुचला, मौके पर मौत
बागपत में भंडारे से प्रसाद खाकर घर लौट रही दो मासूम बहनों की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा पाली गांव में पेट्रोल पंप के पास हुआ। छह वर्षीय नबिया और तीन वर्षीय अलीना अपनी बहनों के साथ भंडारे से लौट रही थीं, तभी दिल्ली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। परिजन और स्थानीय लोग बच्चियों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।




