हाथरस जंक्शन की रम नगला पंचायत के गांव धौलाकुआं में होमगार्ड के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए परिवार को बारिश रुकने का इंतजार करना पड़ा। टिनशेड न होने के कारण ग्रामीण करीब डेढ़ घंटे तक तिरपाल लिए चिता को भीगने से बचाते रहे। बारिश थमने के बाद बेटे ने मुखाग्नि दी। अव्यवस्था पर ग्रामीण प्रशासन व जनप्रतिनिधियों को कोसते नजर आए। 

होमगार्ड हरी सिंह (52) हाथरस में तैनात थे। रात को ड्यूटी करने के बाद बृहस्पतिवार की सुबह वह घर आए थे। आराम करने के दौरान अचानक उनकी मौत हो गई थी। परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार शाम को परिजन शव घर लेकर पहुंचे। घर से श्मशान पर पहुंचते ही बारिश शुरू हो गई। 

ग्रामीणों ने आनन-फानन तिरपाल की व्यवस्था की। तिरपाल के नीचे ही चिता लगाई गई। बारिश थमने तक ग्रामीण तिरपाल लेकर चिता को बचाने में जुटे रहे। बेटे जयदेव ने बताया कि गांव में श्मशान नहीं है। रम नगला में श्मशान है, लेकिन उसके लिए रेलवे लाइन पार करनी पड़ती है। कई साल से लोग ढकपुरा-दादनपुर की जमीन पर अंतिम संस्कार करते आ रहे हैं। अब यह क्षेत्र नगर पालिका परिषद हाथरस की सीमा में आ गया है। इस श्मशान पर केवल धौलाकुआं के लोग ही अंतिम संस्कार करते हैं। ग्रामीण व नगरीय क्षेत्र के बीच मामला फंसने के कारण इस श्मशान का विकास नहीं हो पा रहा। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *