भदोही में शास्त्री ब्रिज पर गुरुवार को फोटो खिंचवाते समय 28 वर्षीय युवक गंगा नदी में गिरकर लापता हो गया। युवक की पहचान सुमित शुक्ला के रूप में हुई है। वह अपने मौसेरे भाई सक्षम पांडे के साथ विंध्याचल दर्शन के लिए जा रहे थे।
.
मिर्जापुर-औराई मार्ग स्थित शास्त्री ब्रिज पर सुमित रेलिंग पर बैठकर फोटो खिंचवा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल गंगा नदी में जा गिरे। साथ मौजूद सक्षम पांडे ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सुमित देखते ही देखते नदी की तेज धारा में समा गए।

एसडीआरएफ और गोताखोर तलाश में जुटे।
एसडीआरएफ और गोताखोर तलाश में जुटे
घटना के बाद ब्रिज पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा में सुमित की तलाश शुरू कराई गई। देर तक युवक का पता नहीं चल सका था।
परिजनों के मुताबिक सुमित की नवंबर में शादी होने वाली थी। हादसे की खबर से परिवार में मातम छा गया है। पुलिस और बचाव टीम युवक की तलाश में जुटी है।
