चंदौली। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में बृहस्पतिवार को संविधान दिवस मनाया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री संजीव गोंड ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संविधान की महत्ता, मूल भावना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी भूमिका बताई। इस दौरान संविधान के प्रति निष्ठा और सांविधानिक मूल्यों के पालन का संकल्प भी दिलाया गया।
राज्य मंत्री गोंड ने भारतीय संविधान को लोकतंत्र की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि यह नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का अधिकार देता है। संविधान अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने डॉ. भीमराव आंबेडकर व संविधान सभा के सदस्यों का योगदान याद किया। जिला महामंत्री सुरेश मौर्य ने संचालन किया, पूर्व जिलाध्यक्ष राणा सिंह ने समापन संबोधन दिया। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक जैनेंद्र कुमार, हरिश्चंद्र अग्रहरि, राकेश मिश्रा, राजीव कुमार, कुंदन सिंह, विवेक कुमार यादव, सुनील श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
