संभल: सर्दियों की दस्तक के साथ ही नेपाल से आने वाली प्रसिद्ध ऊनी मार्केट संभल में सज गई है. लेकिन, इस बार यह दूसरी जगह लगी है. यह मार्केट पहले चंदौसी चौराहे पर लगती थी, जहां लोगों को इसकी आदत हो गई थी. लेकिन इस बार दुकानदारों ने मुरादाबाद रोड पर बिजली घर के आगे अपनी दुकानें लगाई हैं. मार्केट के जगह बदलने से शुरुआत में थोड़ी दिक्कत जरूर हुई है, क्योंकि कई पुराने ग्राहक अभी भी पुरानी जगह पर ही पहुंच रहे हैं. हालांकि, दुकानदारों को उम्मीद है कि धीरे-धीरे सभी को नई जगह का पता चल जाएगा और जैसे-जैसे सर्दी बढ़ेगी, वैसे-वैसे मार्केट में भीड़ बढ़ जाएगी.
दुकानदार नीमा गेलवो लोकल 18 से बताया कि वे हर साल नेपाल से नया कलेक्शन लेकर आते हैं. इस बार मार्केट में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है. जैकेट में लेदर के नए और आकर्षक डिजाइन आए हैं, जो लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं. इसके साथ ही पैराशूट जैकेट की भी इस बार जबरदस्त डिमांड है. उन्होंने बताया कि जब तक नया माल नहीं लाएंगे, तब तक ग्राहक खुश नहीं होंगे. इसलिए वे हर साल कुछ नया लेकर आते हैं. इस बार बच्चों, महिलाओं और पुरुषों तीनों के लिए अलग-अलग डिजाइन और रंगों का पूरा स्टॉक लेकर आए हैं. दुकान में चारों तरफ रंग-बिरंगे स्वेटर, शॉल, जैकेट, टोपी और गर्म कपड़े सजे हुए हैं.
अक्टूबर से 15 फरवरी तक चलेगी मार्केट.
उनका कहना है कि लोगाें को दूर से ही देखने पर पता चल जाता है कि यह नेपाल की ऊनी मार्केट है. लोग दुकान के सामने रुककर कपड़ों को देख रहे हैं. उनके दाम पूछ रहे हैं. यह ऊनी मार्केट अक्टूबर से शुरू होकर 15 फरवरी तक चलेगी. दुकानदार करीब तीन महीने तक संभल में ही रहकर अपना सामान बेचेंगे. उन्होंने बताया कि अभी सर्दी कम होने की वजह से बिक्री थोड़ी धीमी है, लेकिन जैसे-जैसे ठंड बढ़ेगी, वैसे-वैसे मार्केट में रौनक लौट आएगी. दिसंबर और जनवरी में सबसे ज्यादा बिक्री होती है. इसलिए दुकानदार उसी समय का इंतजार कर रहे हैं.
विज्ञापन
फिक्स रेट पर मिलता है सामान, सीजन के आखिर में 20% तक की छूट
उन्होंने बताया कि इस मार्केट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां सभी कपड़ों के दाम फिक्स रहते हैं. कोई मोलभाव नहीं होता. हर कपड़े पर रेट लिखा होता है, जिससे ग्राहकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होती. सीजन के आखिर में जब सामान वापस ले जाना होता है, तब दुकानदार 20 प्रतिशत तक की छूट दे देते हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा माल बिक जाए और वापस कम सामान ले जाना पड़े. यहां बच्चों से लेकर बड़ों तक के गर्म कपड़े मिल जाते हैं. कीमतों की शुरुआत करीब 600-700 रुपये से होती है और सबसे महंगी जैकेट करीब 5,000 रुपये तक की है. यानी हर बजट के लोगों के लिए यहां कुछ न कुछ जरूर मिल जाता है. यही वजह है कि मध्यम वर्ग के परिवारों में इस मार्केट का खास क्रेज रहता है.
जर्मनी तक से आता है माल
उन्होंने बताया कि वे नेपाल से आते हैं. हर साल संभल में दुकान लगाते हैं. उनका कई सालों से यहां आना-जाना लगा हुआ है. उनका यहां के लोगों से अच्छा रिश्ता बन गया है. उनका माल मिक्स रहता है. कुछ सामान बाहर से भी आता है. जर्मनी की तरफ से भी माल आता है, जबकि ऊनी कपड़े ज्यादातर नेपाल से ही आते हैं. यही वजह है कि यहां के कपड़ों की क्वालिटी और गर्माहट लोगों को काफी पसंद आती है. नेपाल के ऊनी कपड़े अपनी गर्माहट और टिकाऊपन के लिए जाने जाते हैं. एक बार खरीदने के बाद ये कई साल तक चलते हैं, इसलिए लोग हर साल इस मार्केट का इंतजार करते हैं.
